Home » उत्तर प्रदेश » लखीमपुर में CDO की सख्ती का बड़ा असर, 25 जनवरी को जनता के लिए समर्पित होगा फरधान आरओबी फ्लाईओवर

लखीमपुर में CDO की सख्ती का बड़ा असर, 25 जनवरी को जनता के लिए समर्पित होगा फरधान आरओबी फ्लाईओवर

Lakhimpur Kheri

Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जनपद वासियों के लिए गणतंत्र दिवस से ठीक पहले एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित फरधान आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) फ्लाईओवर आगामी 25 जनवरी को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अभिषेक कुमार की सक्रियता और सख्त रुख के कारण इस परियोजना के अंतिम चरण के कार्यों में अभूतपूर्व तेजी आई है, जिससे अब इस मार्ग पर सफर करने वाले हजारों लोगों को जाम के झाम से मुक्ति मिलने वाली है।

अधिकारियों को कड़ी फटकार

जिले में विकास कार्यों की कछुआ चाल पर लगाम लगाने के लिए सीडीओ अभिषेक कुमार ने बीते दिनों फरधान आरओबी फ्लाईओवर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि फ्लाईओवर का मुख्य कार्य पूर्ण होने के बावजूद कुछ फिनिशिंग और साइड के कार्य लंबित पड़े थे। विकास कार्यों में देरी को लेकर सीडीओ ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने दो टूक शब्दों में अल्टीमेटम देते हुए निर्देश दिए कि अगले 48 घंटों के भीतर यानी 25 जनवरी तक हर हाल में कार्य पूरा कर फ्लाईओवर को आम जनता के लिए खोल दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Lakhimpur Kheri: लखीमपुर-गोला मार्ग पर खत्म होगी जाम की समस्या

इस फ्लाईओवर के शुरू होने से सबसे बड़ी राहत लखीमपुर–गोला मार्ग पर चलने वाले यात्रियों को मिलेगी। फरधान रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन आने के समय लगने वाले भीषण जाम के कारण मरीजों, छात्रों और व्यापारियों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। अब बिना किसी रुकावट के वाहन फ्लाईओवर के ऊपर से गुजर सकेंगे। लखीमपुर से गोला और मैलानी की ओर जाने वाले यात्रियों का काफी समय बचेगा। ओवरब्रिज बनने से दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी और यात्रा अधिक सुरक्षित होगी।

गणतंत्र दिवस से पहले जिले को बड़ी सौगात

प्रशासन का लक्ष्य है कि 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) से पहले जिले की जनता को यह तोहफा मिल जाए। सीडीओ की इस सख्ती के बाद अब निर्माण स्थल पर दिन-रात काम चल रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है, क्योंकि यह फ्लाईओवर केवल एक निर्माण नहीं बल्कि जिले की लाइफलाइन के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना यह होगा कि सीडीओ के निर्देशों के अनुपालन में 25 जनवरी को जब यह फ्लाईओवर खुलेगा, तो यह लखीमपुर की विकास यात्रा में कितनी बड़ी क्रांति लेकर आता है।

ये भी पढ़े… कौन था कालनेमि? रामायण के इस पात्र को CM योगी ने बताया चेतावनी का प्रतीक?