Home » मनोरंजन » GTA 6 को लेकर दुनियाभर में दीवानगी, रिलीज से पहले ही चर्चा में आया गेम; जानिए क्यों है इतना खास?

GTA 6 को लेकर दुनियाभर में दीवानगी, रिलीज से पहले ही चर्चा में आया गेम; जानिए क्यों है इतना खास?

GTA 6 क्यों है दुनिया का सबसे चर्चित गेम?
GTA 6 क्यों है दुनिया का सबसे चर्चित गेम?

GTA 6 Game: 19 नवंबर को GTA 6 की रिलीज को लेकर दुनियाभर में लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई देशों में कर्मचारियों ने छुट्टी के लिए आवेदन किया, तो कुछ कंपनियों ने खुद ही अपने कर्मचारियों के लिए छुट्टी घोषित कर दी। इसकी वजह कोई त्योहार या खास आयोजन नहीं, बल्कि एक वीडियो गेम है, जिसका नाम है GTA 6 (ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6)।इस गेम का इंतजार लोग पिछले 13 साल से कर रहे थे। रिलीज से पहले ही यह करीब 14 हजार करोड़ रुपये की कमाई को लेकर चर्चा में आ गया। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस गेम को लेकर एक पोस्ट किया और लिखा कि भारत एक अलग तरह का गेम खेल रहा है।आखिर GTA 6 क्या है, इसमें खिलाड़ियों को क्या करना होता है, इसकी दुनिया इतनी असली जैसी कैसे दिखाई देती है और लोग इस गेम के लिए इतने उत्साहित क्यों हैं? आइए, इस एक्सप्लेनर में इन सभी सवालों के जवाब जानते हैं।

GTA 6 Game: GTA क्या है और इस गेम में करना क्या होता है?

GTA यानी ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो’ दुनिया की सबसे लोकप्रिय और सबसे ज्यादा बिकने वाली वीडियो गेम सीरीज में से एक है। इसे अमेरिकी कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने तैयार किया था। इसकी शुरुआत 1996-97 के दौरान हुई थी और पहला गेम नवंबर 1997 में लॉन्च किया गया था।यह एक ओपन-वर्ल्ड एक्शन-एडवेंचर गेम है। इसका मतलब है कि इसमें खिलाड़ी को एक काल्पनिक शहर दिया जाता है, जहां वह अपनी मर्जी से घूम सकता है और अलग-अलग गतिविधियां कर सकता है। इस गेम में बनाए गए शहर अमेरिका के असली शहरों से प्रेरित होते हैं। उदाहरण के लिए, GTA 5 में लॉस सैंटोस नाम का शहर दिखाया गया था, जो कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स से मिलता-जुलता है। वहीं, GTA 6 में वाइस सिटी को दिखाया गया है, जो अमेरिका के मियामी शहर पर आधारित है।

इस गेम में खिलाड़ी एक या उससे ज्यादा मुख्य किरदारों को कंट्रोल करते हैं। GTA 6 में पहली बार एक महिला किरदार लूसिया और उसके पुरुष साथी जेसन की जोड़ी देखने को मिलेगी। इन दोनों की कहानी अमेरिका की मशहूर अपराधी जोड़ी ‘बोनी एंड क्लाइड’ से प्रेरित है।खिलाड़ी गेम के शहर में कहीं भी घूम सकते हैं। वे कार और बाइक चला सकते हैं, रेसिंग कर सकते हैं और अलग-अलग मिशन पूरे करके पैसे कमा सकते हैं। इन पैसों से गाड़ियां, हथियार, कपड़े और प्रॉपर्टी खरीदी जा सकती हैं। गेम में छोटे अपराधों से लेकर बैंक डकैती, गाड़ियां चोरी करने, गैंग वॉर और पुलिस से बचकर भागने जैसे बड़े मिशन भी शामिल हैं।इसके ऑनलाइन वर्जन में खिलाड़ी अपने दोस्तों के साथ मिलकर मिशन, रेस और अलग-अलग चैलेंज खेल सकते हैं। इसके अलावा कस्टम गेम मोड का भी विकल्प मिलता है।

GTA की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें खिलाड़ियों को हर समय मिशन पूरा करने की जरूरत नहीं होती। अगर कोई मिशन नहीं करना चाहता, तो वह शहर में कार या हेलीकॉप्टर चला सकता है, समुद्र में बोटिंग कर सकता है, क्लब जा सकता है, खरीदारी कर सकता है या सड़कों पर घूमकर शहर की नाइटलाइफ का आनंद ले सकता है।हालांकि, गेम में अपराध करने पर पुलिस पीछा करती है और खिलाड़ी को उससे बचना पड़ता है। इसके लिए गेम के अंदर ही कुछ नियम और व्यवस्थाएं बनाई गई हैं, जिनके आधार पर पुलिस से बचने की कोशिश की जाती है।

GTA 6 Game: GTA 6 में क्या नया और अलग देखने को मिलेगा?

GTA 6 में सबसे बड़ा बदलाव इसकी कहानी और गेम की दुनिया को पहले से ज्यादा वास्तविक बनाने में किया गया है। रॉकस्टार गेम्स के मुताबिक, इस बार जेसन डुवल और लूसिया दो मुख्य किरदार हैं। दोनों अमेरिका के काल्पनिक राज्य लियोनिडा और वाइस सिटी में अपराध की दुनिया से बाहर निकलकर एक बेहतर जिंदगी शुरू करना चाहते हैं।दरअसल, लूसिया और जेसन दोनों का अतीत अपराध से जुड़ा हुआ है। लूसिया जेल से बाहर आई है, जबकि जेसन स्थानीय तस्करों और ड्रग्स की तस्करी करने वालों के लिए काम करता है।दोनों का सपना अपराध की दुनिया छोड़कर सामान्य जिंदगी जीना है। इसके लिए उन्हें पैसों की जरूरत होती है। इसी वजह से वे एक आखिरी आसान काम करने का फैसला करते हैं। लेकिन उनका यह प्लान सफल नहीं होता और वे एक बड़ी आपराधिक साजिश में फंस जाते हैं। इसके बावजूद दोनों अपनी जिंदगी बदलने की कोशिश जारी रखते हैं।

GTA 6 Game: GTA 6 में क्या नया है? जानिए गेम की पूरी कहानी
GTA 6 में क्या नया है? जानिए गेम की पूरी कहानी
GTA 6 Game: गेम को इतना वास्तविक बनाने वाली 3 बड़ी तकनीकें

GTA 6 की दुनिया को पहले के मुकाबले ज्यादा वास्तविक बनाने के लिए कई आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। इसकी तीन बड़ी वजहें हैं।

1. अपग्रेडेड RAGE गेम इंजन

इस गेम में रॉकस्टार एडवांस्ड गेम इंजन यानी RAGE के आधुनिक वर्जन का इस्तेमाल किया गया है। इसकी मदद से गेम में रोशनी, पानी की लहरें, किरदारों की त्वचा और सड़कों पर मौजूद लोगों की गतिविधियों को ज्यादा वास्तविक बनाया गया है। इससे गेम खेलते समय ऐसा महसूस होता है जैसे खिलाड़ी किसी असली शहर में मौजूद हो।

2. RTGI तकनीक से रोशनी का वास्तविक अनुभव

GTA 6 में रे-ट्रेस्ड ग्लोबल इल्यूमिनेशन यानी RTGI तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इससे दिन के समय सूरज की रोशनी और रात में नियॉन लाइट्स की चमक इमारतों और गाड़ियों पर बिल्कुल असली जैसी दिखाई देती है। इसके अलावा गाड़ियों के शीशों, खिड़कियों और पानी में आसपास की चीजों की परछाई भी साफ नजर आती है।

3. 6 लाख से ज्यादा एनिमेशन से तैयार की गई भीड़

पहले के GTA गेम्स में भीड़ में मौजूद लोग अक्सर एक जैसी गतिविधियां करते दिखाई देते थे। लेकिन GTA 6 में हर किरदार की गतिविधियों और व्यवहार को अलग दिखाने की कोशिश की गई है। इसके लिए गेम में 6 लाख से ज्यादा अलग-अलग एनिमेशन शामिल किए गए हैं। इससे शहर में घूमने वाले लोग पहले से ज्यादा वास्तविक नजर आते हैं।

GTA 6 Game: GTA 6 को लेकर लोगों में इतनी दीवानगी क्यों है?

GTA सीरीज की शुरुआत नवंबर 1997 में हुई थी। उस समय इसका ग्राफिक्स 2D कार्टून जैसा था। इसके बाद 2001 में GTA 3 लॉन्च हुआ, जिसमें पहली बार गेम को 3D तकनीक के साथ पेश किया गया। फिर 2002 में GTA वाइस सिटी और 2004 में GTA सैन एंड्रियास आया। इन दोनों गेम्स ने दुनियाभर के गेमर्स के बीच खूब लोकप्रियता हासिल की। भारत में भी साइबर कैफे में इन गेम्स को खेलने का काफी क्रेज था।इसके बाद 2013 में GTA 5 लॉन्च हुआ। अब करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद रॉकस्टार गेम्स GTA 6 लेकर आया है। यही वजह है कि इस गेम को लेकर लोगों में इतना उत्साह है।इसकी लोकप्रियता का अंदाजा दिसंबर 2023 में जारी हुए पहले ट्रेलर से लगाया जा सकता है। ट्रेलर रिलीज होने के महज 24 घंटे के भीतर यूट्यूब पर इसे 9 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया था। इसने सबसे ज्यादा देखे जाने वाले गैर-संगीत वीडियो का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया था।

इस दीवानगी के पीछे रॉकस्टार गेम्स की बेहतरीन क्वालिटी, पुराने गेम्स का शानदार रिकॉर्ड, आधुनिक तकनीक और लोगों की पुरानी यादें बड़ी वजह हैं। दुनियाभर के लाखों लोगों के लिए GTA सिर्फ एक वीडियो गेम नहीं, बल्कि उनके बचपन और जवानी से जुड़ी यादों का हिस्सा है।जिन लोगों ने 2013 में स्कूल या कॉलेज के दिनों में GTA 5 खेला था, वे अब नौकरी कर रहे हैं या परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। ऐसे में उनके लिए GTA 6 खेलना केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि पुरानी यादों को दोबारा जीने जैसा अनुभव है।वहीं, रॉकस्टार गेम्स की पहचान भी कुछ ऐसी ही रही है। कंपनी जब भी कोई नया गेम लेकर आती है, तो गेमिंग इंडस्ट्री में नए मानक स्थापित करने की कोशिश करती है। साल 2018 में लॉन्च हुए इसके गेम ‘रेड डेड रिडेम्पशन 2’ की बारीकियों और ग्राफिक्स की आज भी तारीफ होती है। इसी वजह से गेमर्स को उम्मीद थी कि GTA 6 भी सिर्फ पुरानी सीरीज का अगला हिस्सा नहीं होगा, बल्कि गेमिंग की दुनिया में एक नया स्तर स्थापित करेगा।

GTA 6 Game: GTA 6 बनाने में कितना खर्च हुआ और भारत में इसकी कीमत क्या है?

रॉकस्टार गेम्स ने अभी तक GTA 6 का आधिकारिक बजट सार्वजनिक नहीं किया है। हालांकि, गेमिंग विशेषज्ञों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे बनाने में करीब 1 से 1.5 अरब डॉलर यानी लगभग 9,300 से 14,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह रकम इतनी बड़ी है कि इसकी तुलना दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के निर्माण की लागत से की जा सकती है।बताया जाता है कि पिछले 10 साल से इस गेम पर दुनिया के 12 अलग-अलग स्टूडियो में 4,700 से ज्यादा डेवलपर्स, प्रोग्रामर, आर्टिस्ट और इंजीनियर काम कर रहे थे। गेम के नए इंजन को तैयार करने, ग्राफिक्स, मोशन कैप्चर, म्यूजिक लाइसेंसिंग और दुनियाभर में इसकी मार्केटिंग पर काफी पैसा खर्च किया गया।

GTA 6 Game: GTA 6 की कीमत कितनी है? जानिए गेम की खासियत
GTA 6 की कीमत कितनी है? जानिए गेम की खासियत

भारत में GTA 6 के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपये रखी गई है। ये कीमतें प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरीज एक्स|एस के लिए बताई गई हैं।हालांकि, जिन लोगों के पास पहले से गेमिंग कंसोल नहीं है, उन्हें इसे खेलने के लिए अलग से पैसे खर्च करने होंगे। यह गेम पुराने PS4 या सामान्य लैपटॉप और पीसी पर नहीं चलेगा।उदाहरण के लिए, अगर कोई व्यक्ति करीब 44,990 रुपये की कीमत वाला प्लेस्टेशन 5 स्लिम और 5,999 रुपये का GTA 6 स्टैंडर्ड एडिशन खरीदता है, तो उसका कुल खर्च लगभग 50,989 रुपये तक पहुंच जाएगा।

क्या GTA जैसे गेम बच्चों में हिंसा और अपराध की प्रवृत्ति बढ़ाते हैं?

GTA जैसे वीडियो गेम्स में हिंसा, अपराध और अन्य वयस्क कंटेंट दिखाए जाने को लेकर अक्सर सवाल उठते हैं। कई बार इन गेम्स पर बच्चों के व्यवहार पर नकारात्मक असर डालने के आरोप भी लगते हैं।साल 2019 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और 2020 में अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन ने गेमिंग और हिंसा के बीच संबंध को लेकर रिसर्च की थी। इन अध्ययनों के मुताबिक, हिंसक वीडियो गेम खेलने और वास्तविक जीवन में अपराध करने के बीच कोई सीधा संबंध नहीं पाया गया।हालांकि, हिंसक गेम खेलने वाले कुछ बच्चों में चीखने-चिल्लाने और धक्का देने जैसे आक्रामक व्यवहार देखने को मिले। यानी गेम में दिखाई जाने वाली कुछ चीजें गुस्सा और आक्रामकता बढ़ा सकती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि गेम खेलने वाला बच्चा अपराध करने लगेगा।मनोचिकित्सकों का मानना है कि GTA 6 जैसे गेम पहले के मुकाबले काफी ज्यादा वास्तविक हो गए हैं। इनमें खून-खराबा, अपराध और अश्लीलता जैसे दृश्य भी शामिल होते हैं। कम उम्र के बच्चों के लिए काल्पनिक दुनिया और वास्तविक जिंदगी के बीच अंतर समझना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में इन गेम्स का उनके व्यवहार, बातचीत करने के तरीके और रिश्तों को देखने के नजरिए पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।

GTA 6 Game: बच्चों को गेमिंग की लत से बचाने के लिए पैरेंट्स क्या करें?

GTA 6 जैसे गेम्स को लेकर पैरेंट्स को सावधान रहने की जरूरत है। बच्चों को ऐसे गेम खेलने देने से पहले उनकी उम्र और गेम में मौजूद कंटेंट को समझना जरूरी है। इसके लिए माता-पिता को कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए।

1. गेम की एज रेटिंग जरूर देखें

GTA 6 जैसे 18+ या Mature (M) रेटिंग वाले गेम केवल वयस्कों के लिए होते हैं। जिस तरह माता-पिता बच्चों को एडल्ट रेटिंग वाली फिल्में देखने की अनुमति नहीं देते, उसी तरह उन्हें ऐसे वीडियो गेम भी नहीं खेलने देने चाहिए।

2. पैरेंटल कंट्रोल फीचर का इस्तेमाल करें

प्लेस्टेशन, एक्सबॉक्स और पीसी जैसे प्लेटफॉर्म पर पैरेंटल कंट्रोल की सुविधा मिलती है। इसकी मदद से माता-पिता बच्चों को बिना अनुमति 18+ या Mature रेटिंग वाले गेम डाउनलोड करने और खरीदने से रोक सकते हैं। इसके अलावा दूसरे गेम्स के लिए भी खेलने का समय तय किया जा सकता है।

3. गेमिंग की लत के लक्षण पहचानें

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के ICD-11 में गेमिंग डिसऑर्डर के तीन प्रमुख लक्षण बताए गए हैं। इनमें गेम खेलने पर नियंत्रण न रहना, दूसरी जरूरी गतिविधियों की तुलना में गेमिंग को ज्यादा महत्व देना और नुकसान होने के बावजूद लगातार गेम खेलते रहना शामिल है।

अगर बच्चों में इस तरह के व्यवहार दिखाई दें, तो माता-पिता को उनकी गेमिंग की आदतों पर ध्यान देना चाहिए। केवल पाबंदी लगाने के बजाय बच्चों से बातचीत करके उन्हें इसके नुकसान समझाना ज्यादा बेहतर तरीका हो सकता है।

4. यूट्यूब और स्ट्रीमिंग एप्स पर भी रखें नजर

ऐसा जरूरी नहीं है कि बच्चे घर में गेमिंग कंसोल होने पर ही GTA जैसे गेम्स से जुड़ें। वे यूट्यूब या दूसरे स्ट्रीमिंग एप्स पर भी लोगों को ये गेम खेलते हुए देख सकते हैं। लगातार ऐसे वीडियो देखने की आदत भी बच्चों में गेमिंग के प्रति ज्यादा आकर्षण पैदा कर सकती है। इसलिए माता-पिता को बच्चों की वीडियो देखने की हिस्ट्री और इस्तेमाल किए जाने वाले एप्स पर भी नजर रखनी चाहिए।