Home » उत्तर प्रदेश » लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा, गन्ने से भरी ट्रॉली को कंटेनर ने उड़ाया

लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा, गन्ने से भरी ट्रॉली को कंटेनर ने उड़ाया

Lakhimpur Kheri
Lakhimpur Kheri

Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज औरंगाबाद-बरवर मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा उस वक्त टल गया जब मौत बनकर दौड़ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए, लेकिन सौभाग्य से किसान को खरोंच तक नहीं आई।

अजबापुर चीनी मिल जा रहा था किसान

मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र का एक किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लादकर अजबापुर चीनी मिल में तौल के लिए जा रहा था। किसान अभी औरंगाबाद-बरवर मार्ग पर स्थित जहाँननगर मोड़ के पास पहुँचा ही था कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर ही पलटते-पलटते बची और गन्ने का बड़ा हिस्सा सड़क पर बिखर गया। हादसे के समय मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, यह किसी चमत्कार से कम नहीं था कि ट्रैक्टर चला रहा किसान पूरी तरह सुरक्षित रहा। स्थानीय राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर दौड़कर किसान को ट्रैक्टर से बाहर निकाला।

Lakhimpur Kheri: हादसे के बाद लगा जाम

बीच सड़क पर हुए इस हादसे और गन्नों के बिखर जाने के कारण औरंगाबाद-बरवर मार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुँचा और क्रेन व अन्य ट्रैक्टरों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराया। पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे ने एक बार फिर चीनी मिल सत्र के दौरान सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। ग्रामीणों का कहना है कि जहाँननगर मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। किसानों ने मांग की है कि ऐसे संवेदनशील मोड़ों पर सांकेतिक बोर्ड और गति सीमा निर्धारित करने के कड़े इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में किसी की जान न जाए।

Report BY: संजय कुमार

ये भी पढ़े… लखनऊ में लखीमपुर की छात्रा ने की आत्महत्या, चंद्रिका देवी इंस्टीट्यूट में कर रही थी ओटी टेक्नीशियन का कोर्स