Lalita Murder Case: मेरठ के चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मामले के सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
Lalita Murder Case: ₹5 लाख की आर्थिक सहायता और दो मुख्यमंत्री आवास-
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। साथ ही मृतका के पिता और चाचा को एक-एक मुख्यमंत्री आवास देने की घोषणा की। इसके अलावा अधिकारियों को परिवार का आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और अन्य पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
Lalita Murder Case: 15 मई को लापता हुई थीं ललिता-
ललिता गौतम मेरठ के टीपी नगर क्षेत्र स्थित गगन एन्क्लेव की रहने वाली थीं और बीए की छात्रा थीं। 15 मई को परीक्षा देने के लिए घर से निकलीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
आरोपी अंकुश ने कबूला हत्या का जुर्म-
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी अंकुश को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने ललिता की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
गन्ने के खेत में फेंका था शव-
पुलिस के अनुसार, आरोपी को प्रेम-संबंध के दौरान ललिता के मोबाइल में दूसरे युवक से जुड़ी चैट और तस्वीरें मिली थीं। इसी शक में उसने ललिता की हत्या कर दी और शव को रोहटा क्षेत्र के उपसिया जंगल स्थित गन्ने के खेत में फेंक दिया।
परिजनों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग-
मृतका के परिजनों ने इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता का भी आरोप लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को मामले की प्रभावी पैरवी करने और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़े- बीपीएससी छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, जल्द जारी होंगे एडमिट कार्ड, जानें कैसे करें डाउनलोड







