Lpg price: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में कमर्शियल एलपीजी गैस की कमी के चलते मंगलवार से शहर के कई होटल बंद रहने वाले हैं। बैंगलोर होटल्स एसोसिएशन ने सोमवार को प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई अचानक रुकने की वजह से यह फैसला लेना पड़ा है। होटल संचालकों का कहना है कि गैस की उपलब्धता न होने के कारण उनके पास फिलहाल कारोबार बंद करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।
तेल कंपनियों पर वादा तोड़ने का आरोप
बैंगलोर होटल्स एसोसिएशन ने तेल कंपनियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। एसोसिएशन का कहना है कि कंपनियों ने पहले कम से कम 70 दिनों तक लगातार गैस सप्लाई बनाए रखने का भरोसा दिया था, लेकिन अचानक सप्लाई रुकने से होटल उद्योग को बड़ा झटका लगा है। गैस की कमी के कारण शहर की फूड इंडस्ट्री पर असर पड़ सकता है और रोजाना बाहर खाना खाने वाले या यात्रा करने वाले लोगों को भी परेशानी हो सकती है।
Lpg price: एलपीजी जमाखोरी रोकने के लिए सरकार का कदम
इसी बीच केंद्र सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के बीच का समय 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के बीच फैली अफवाहों के कारण कुछ जगहों पर सिलेंडर की जमाखोरी की शिकायतें मिली थीं।
उत्पादन बढ़ाने के निर्देश
Lpg price: सरकार ने स्थिति को देखते हुए रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कंपनियों को कहा गया है कि कमर्शियल कनेक्शन के बजाय घरेलू एलपीजी कनेक्शन को प्राथमिकता दी जाए।
ये भी पढ़े: उज्जैन में भारत की जीत का जश्न बना विवाद की वजह, दो समुदायों में झड़प







