Mp news: मध्य प्रदेश के उज्जैन से सांप्रदायिक झड़प की खबर सामने आई है। यहां टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की जीत का जश्न मनाते समय दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि यह घटना देर रात चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र की राज रॉयल कॉलोनी में हुई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हिंदू पक्ष के तीन और मुस्लिम पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
जानकारी के मुताबिक, राज रॉयल कॉलोनी में रहने वाला एक हिंदू परिवार भारत की जीत का जश्न मना रहा था। घर के बाहर पटाखे फोड़े जा रहे थे और लोग खुशी मना रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ मुस्लिम युवकों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह मामूली बहस झगड़े में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद मुस्लिम पक्ष के कुछ लोगों ने हिंदू परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें लाठी-डंडे और धारदार हथियार भी चले। इस झड़प में दोनों पक्षों के करीब 10 लोग घायल हुए हैं।
Mp news: मौके पर पहुंची पुलिस ने कराया मामला शांत
घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग और कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद चलता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
दोनों पक्षों पर दर्ज हुआ केस
Mp news: पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की है। हिंदू पक्ष के तीन और मुस्लिम पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया है। कुछ आरोपियों को पुलिस ने राउंडअप भी किया है। बताया जा रहा है कि इसी इलाके में पहले भी नवरात्रि के दौरान सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन चुकी है। फिलहाल पुलिस की निगरानी में इलाके में स्थिति शांत बताई जा रही है।
ये भी पढ़े: दिल्ली के नांगलोई में बेकाबू DTC बस का कहर, 2 लोगों की मौत, कई घायल








