Home » Breaking News » अब घरेलू LPG सिलेंडर भी हुआ महंगा, जानिए कितने रुपए बढ़ी कीमत

अब घरेलू LPG सिलेंडर भी हुआ महंगा, जानिए कितने रुपए बढ़ी कीमत

LPG PRICE NEWS: आम लोगों को महंगाई का एक और झटका देते हुए तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 913 रुपये थी।

कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर पड़ेगा। पहले से बढ़ती महंगाई के बीच रसोई गैस महंगी होने से मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों की चिंता बढ़ गई है। वहीं 5 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 339 रुपये निर्धारित की गई है।

पहले कमर्शियल सिलेंडर भी हुआ था महंगा

घरेलू सिलेंडर से पहले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई थी। एक जून को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 42 रुपये की वृद्धि की गई थी। इससे पहले भी पिछले कुछ महीनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कई बार इजाफा किया जा चुका है।

LPG PRICE NEWS: सप्लाई को लेकर सरकार का दावा

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि देश में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी क्षेत्र में गैस की कमी की स्थिति नहीं है। मंत्रालय के अनुसार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक चुनौतियों के बावजूद एलपीजी तथा अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर नजर

सरकार का कहना है कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं और उनके पास कच्चे तेल एवं एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है।

LPG PRICE NEWS: ऑनलाइन बुकिंग और डिजिटल निगरानी बढ़ी

सरकार के मुताबिक देश में एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग का प्रतिशत बढ़कर 99 फीसदी तक पहुंच गया है। वहीं, लगभग 95 फीसदी डिलीवरी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे गए प्रमाणीकरण कोड के जरिए की जा रही है, ताकि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की हेराफेरी पर रोक लगाई जा सके। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम पहले से ही बढ़े हुए हैं। ऐसे में महंगाई का असर सीधे आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ता दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़े… घुसपैठ रोकने के लिए क्या है अमित शाह की नई रणनीति? जानिए प्लान की पूरी डिटेल