Home » राष्ट्रीय » घुसपैठ रोकने के लिए क्या है अमित शाह की नई रणनीति? जानिए प्लान की पूरी डिटेल

घुसपैठ रोकने के लिए क्या है अमित शाह की नई रणनीति? जानिए प्लान की पूरी डिटेल

AMIT SHAH NEWS: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने बांग्लादेश सीमा से सटे त्रिपुरा के सालबगान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अवैध घुसपैठ और सीमा पार अपराधों पर लगाम लगाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। गृह मंत्री ने सीमावर्ती इलाकों में जमीन की खरीद-फरोख्त, निर्माण गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

सीमा क्षेत्रों की होगी विशेष निगरानी

समीक्षा बैठक के दौरान गृह मंत्री ने पिछले पांच वर्षों के भूमि रिकॉर्ड की जांच कराने और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा केवल सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की भी साझा जिम्मेदारी है।

AMIT SHAH NEWS: ‘फुल-प्रूफ बॉर्डर सिक्योरिटी ग्रिड’ पर जोर

अमित शाह (Amit Shah) ने जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, राजस्व कर्मचारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मिलकर एक मजबूत सुरक्षा तंत्र विकसित करने को कहा। इसके तहत सीमा क्षेत्रों में समन्वित निगरानी और सूचना तंत्र को मजबूत किया जाएगा ताकि घुसपैठ और अवैध गतिविधियों को समय रहते रोका जा सके।

लागू होगा ‘टोटल टेरिटोरियल डिफेंस मॉडल’

गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा के लिए ‘टोटल टेरिटोरियल डिफेंस’ मॉडल लागू करने की बात कही। इस मॉडल के तहत सीमा क्षेत्र के निवासियों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। लोगों को अवैध हथियारों, नशीले पदार्थों और अन्य तस्करी गतिविधियों की पहचान एवं सूचना देने के लिए जागरूक किया जाएगा।

AMIT SHAH NEWS: तकनीक से होगी चौकसी मजबूत

सीमा क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी जोर दिया गया है। गृह मंत्रालय की योजना के तहत निगरानी प्रणाली को और मजबूत किया जाएगा तथा कैमरों और अन्य सुरक्षा उपकरणों को जिला प्रशासन से जोड़ा जाएगा, जिससे रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सके।

फेक करेंसी और तस्करी पर भी फोकस

बैठक में नकली भारतीय मुद्रा, नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य सीमा पार अपराधों को लेकर भी चर्चा हुई। गृह मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर नरमी न बरती जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

AMIT SHAH NEWS: सीमा सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर

बांग्लादेश सीमा से सटे क्षेत्रों में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर केंद्र सरकार सीमा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने पर जोर दे रही है। गृह मंत्री की यह समीक्षा बैठक उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य सीमा क्षेत्रों को अधिक सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाना है।

ये भी पढ़े… बीमार पति को पीठ पर उठाकर अस्पताल में दर-दर भटकी महिला, मदद को कोई आगे नहीं आया, वीडियो वायरल