Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर विपक्ष पर तंज कस बोले CM योगी- ‘P की परिभाषा एक दिन पाकिस्तान कर देंगे’

कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर विपक्ष पर तंज कस बोले CM योगी- ‘P की परिभाषा एक दिन पाकिस्तान कर देंगे’

Yogi attacks opposition on Kalyan Singh's death anniversary

Lucknow News: पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर लखनऊ में ‘हिंदू गौरव दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी और विपक्ष पर भी तीखे राजनीतिक हमले किए।

योगदान इतिहास में होगा याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने भगवान राम और सनातन आस्था के सम्मान के लिए सत्ता की भी परवाह नहीं की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान कल्याण सिंह ने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और उनका योगदान इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा। CM योगी ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के निर्णायक दौर में कल्याण सिंह ने स्पष्ट कर दिया था कि सत्ता रहे या न रहे, भगवान राम का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह का पूरा जीवन राष्ट्र, समाज और सनातन मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने में कल्याण सिंह की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही और इतिहास में उनका योगदान दर्ज रहेगा।

सपा पर योगी का सीधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल परिस्थितियों के अनुसार अपने राजनीतिक अर्थ बदलते रहते हैं। गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग कभी पी की परिभाषा पिछड़ा बताते हैं, कभी पंडित। कभी न कभी ये पी की परिभाषा पाकिस्तान भी बता देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक विचारधाराओं और मतभेदों के बावजूद किसी वरिष्ठ नेता के निधन पर श्रद्धांजलि देना लोकतांत्रिक परंपरा और सामान्य शिष्टाचार का हिस्सा है।

कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि को लेकर सपा पर आरोप

योगी ने आरोप लगाया कि कल्याण सिंह के निधन के समय समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उन्हें उचित श्रद्धांजलि नहीं दी। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती का भी उल्लेख किया और कहा कि वह कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंची थीं। वहीं, योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेताओं ने न तो अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया और न ही शब्दों के जरिए श्रद्धांजलि व्यक्त की। उन्होंने इसे केवल कल्याण सिंह का नहीं, बल्कि एक बड़े सामाजिक वर्ग और सनातन समाज का अपमान बताया।

ये भी पढ़े… 2027 चुनाव से पहले राजभर का बड़ा खुलासा बोले- सूरज ढलते ही CM योगी से मिलने पहुंच जाते है अखिलेश और शिवपाल यादव