Home » उत्तर प्रदेश » लखनऊ: अमौसी एयरपोर्ट पर बम की फर्जी सूचना देने वाला गिरफ्तार, नशे की हालत में किया था फोन

लखनऊ: अमौसी एयरपोर्ट पर बम की फर्जी सूचना देने वाला गिरफ्तार, नशे की हालत में किया था फोन

अमौसी एयरपोर्ट पर बम की झूठी सूचना, आरोपी गिरफ्तार

Lucknow News: लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना देकर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट करने वाले आरोपी को सरोजनीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शराब के नशे में डायल-112 पर फोन कर एयरपोर्ट पर बम होने की गलत जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही शुरू हुई जांच

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की रात करीब 11:45 बजे डायल-112 पर कॉल कर बताया गया कि अमौसी एयरपोर्ट पर बम रखा गया है। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) समेत सभी संबंधित सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। पूरे एयरपोर्ट परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन जांच के दौरान कहीं भी कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने सूचना को पूरी तरह झूठा और भ्रामक पाया।

सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस

इस मामले में उपनिरीक्षक नीशू चौधरी की शिकायत पर सरोजनीनगर थाने में एनसीआर संख्या 79/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 212(ए) में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस की मदद से कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान शुरू की।

कानपुर का रहने वाला है आरोपी

जांच के दौरान आरोपी की पहचान 35 वर्षीय श्याम सुंदर पुत्र राज किशोर के रूप में हुई। वह कानपुर जिले के बिधनू थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने 26 जुलाई 2026 को किसानपथ स्थित दरोगाखेड़ा इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135 के तहत भी कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

पूछताछ के दौरान श्याम सुंदर ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है। घटना वाले दिन भी वह नशे की हालत में था और उसी दौरान उसने अमौसी एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना डायल-112 पर दे दी।

मोबाइल फोन भी हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, श्याम सुंदर एक चमड़ा फैक्ट्री में मजदूरी करता है और उसने 11वीं कक्षा तक पढ़ाई की है।इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अवनीश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक नीशू चौधरी और उपनिरीक्षक मोहित सिंह की अहम भूमिका रही।

यह भी पढ़े….यूपी में बारिश का कहर शुरू, 75 जिलों में अलर्ट जारी: बलिया में 3 सेकंड में नदी में समाया स्कूल