Maharashtra News: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने पार्टी के 60वें स्थापना दिवस समारोह में उद्धव ठाकरे गुट पर तीखा हमला बोला। ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच शिंदे ने बड़े राजनीतिक संकेत देते हुए कहा कि “अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, असली फिल्म अभी बाकी है।”
‘शेर अकेला चलता है’ कहकर साधा निशाना
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिंदे ने विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से कुछ लोग लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “कुछ कुत्ते झुंड बनाकर भौंकते हैं, लेकिन शेर हमेशा अकेला चलता है।” उनके इस बयान को सीधे उद्धव ठाकरे गुट पर हमला माना जा रहा है।
Maharashtra News:’ऑपरेशन तुड़वा’ की धमकी का दिया जवाब
उद्धव गुट की ओर से कथित ‘ऑपरेशन तुड़वा’ और बागी नेताओं को सबक सिखाने की चेतावनी पर पलटवार करते हुए शिंदे ने कहा कि ऑपरेशन करने के लिए शेर जैसा दिल चाहिए। उन्होंने बिना नाम लिए राज्यसभा सांसद संजय राउत पर निशाना साधते हुए कहा, “जो खुद कंपाउंडर है, वह ऑपरेशन कैसे करेगा? ऑपरेशन करना हर किसी के बस की बात नहीं।”
2022 की बगावत का किया जिक्र
एकनाथ शिंदे ने जून 2022 की बगावत को याद करते हुए कहा कि उस समय भी उन्हें मुंबई आने पर धमकियां दी गई थीं। उन्होंने कहा, “मैं सड़क मार्ग से अकेले मुंबई आया था। उस समय जो लोग मुझे धमका रहे थे, वे अपने घरों में बैठकर सिर्फ मुझे ऑनलाइन देख रहे थे। मुंबई किसी की निजी जागीर नहीं है।”
Maharashtra News: शिवसैनिकों को लेकर दी चेतावनी
शिंदे ने कहा कि यदि उनके कार्यकर्ताओं को उकसाने की कोशिश की गई तो उसका जवाब भी उसी अंदाज में मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनके शिवसैनिक बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा पर चलने वाले कार्यकर्ता हैं और किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं।
‘ऑपरेशन टाइगर’ से बढ़ी महाराष्ट्र की सियासी हलचल
शिवसेना (यूबीटी) के कई सांसदों और नेताओं के शिंदे गुट में जाने की अटकलों के बीच ‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चा तेज है। ऐसे समय में शिंदे का यह आक्रामक भाषण महाराष्ट्र की राजनीति में नए घटनाक्रमों के संकेत माना जा रहा है। उनके बयान से साफ है कि आने वाले दिनों में राज्य की सियासत और अधिक गर्माने की संभावना है।
ये भी पढ़े… ‘मोदी से बेहतर कोई नहीं’! ट्रंप ने फिर की भारतीय पीएम की खुलकर प्रशंसा








