Home » Uncategorized » मणिपुर में चर्च पदाधिकारियों की हत्या के विरोध में 48 घंटे का बंद

मणिपुर में चर्च पदाधिकारियों की हत्या के विरोध में 48 घंटे का बंद

Manipur news: मणिपुर में चर्च के तीन पदाधिकारियों और एक नागरिक की हत्या के बाद हालात फिर से तनावपूर्ण हो गए हैं। कुकी-जो और नागा समुदायों के संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद का असर राज्य के कई इलाकों में देखने को मिला। सबसे ज्यादा असर कांगपोकपी, चुराचांदपुर और चंदेल जिलों में रहा, जहां बाजार बंद रहे, स्कूल-कॉलेजों में ताले लगे और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही लगभग थम गई। सरकारी दफ्तरों में भी कर्मचारियों की मौजूदगी बेहद कम रही।

48 घंटे के बंद से थमा जनजीवन

राज्य में कुकी जनजातियों की सबसे बड़ी संस्था ‘कुकी इनपी मणिपुर’ ने गुरुवार आधी रात से 48 घंटे के बंद का ऐलान किया। प्रदर्शनकारियों ने कांगपोकपी जिले में नेशनल हाईवे-2 पर जबरन बाजार और व्यापारिक गतिविधियां बंद कराईं। यह हाईवे इंफाल को दीमापुर से जोड़ता है, इसलिए बंद का असर परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा। चुराचांदपुर जिले में ‘ज़ोमी स्टूडेंट्स फेडरेशन’ ने बुधवार शाम से शहरी इलाकों में अनिश्चितकालीन बंद शुरू कर दिया, जबकि ‘चंदेल नागा पीपल्स ऑर्गनाइजेशन’ ने भी बंद का समर्थन किया। कई इलाकों में सड़कें सूनी नजर आईं और लोगों ने घरों से निकलना कम कर दिया।

Manipur news: चर्च पदाधिकारियों पर कैसे हुआ हमला?

पुलिस के मुताबिक, विल्सन थांगा अपनी पत्नी के साथ कार से डोलांग गांव लौट रहे थे, तभी संदिग्ध उग्रवादियों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में विल्सन थांगा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इससे पहले कांगपोकपी जिले में चर्च के तीन पदाधिकारियों की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद गुस्सा और बढ़ गया।

Manipur news: मणिपुर हिंसा में अब तक 260 से ज्यादा मौतें

मणिपुर में मई 2023 से मेइती और कुकी समुदायों के बीच हिंसा जारी है। लगातार हो रही झड़पों और हमलों में अब तक 260 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं। राज्य के कई इलाकों में अब भी तनाव बना हुआ है और सुरक्षा बल लगातार निगरानी कर रहे हैं।

38 से ज्यादा लोगों को बंधक बनाए जाने का दावा

Manipur news: मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने दावा किया है कि राज्य में अलग-अलग समूहों द्वारा नगा और कुकी समुदायों के 38 से अधिक लोगों को बंधक बनाया गया है। गृह मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राज्य में लगातार हिंसा और हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं। सरकार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

 

 

ये भी पढ़ें: शी जिनपिंग की ट्रंप को दोटूक चेतावनी, ताइवान मुद्दे पर बढ़ सकता है टकराव