MI vs RR: आईपीएल 2026 का मैच नंबर 69 बेहद अहम माना जा रहा है। 24 मई को ‘सुपर संडे’ के दिन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच पर खासतौर पर राजस्थान रॉयल्स की नजरें टिकी होंगी, क्योंकि टीम की प्लेऑफ की उम्मीदें इसी मुकाबले पर निर्भर हैं।
राजस्थान के लिए करो या मरो का मुकाबला
राजस्थान रॉयल्स इस मैच में 14 अंकों के साथ उतर रही है। अगर टीम मुंबई इंडियंस को हरा देती है, तो वह सीधे प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। वहीं दूसरी तरफ अगर कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स को हराकर 15 अंक तक पहुंच जाती है, तो राजस्थान के लिए हार भारी पड़ सकती है। ऐसे में यह मुकाबला राजस्थान के लिए ‘हर हाल में जीतना जरूरी’ बन गया है। टीम का पूरा आईपीएल 2026 सीजन अब इस आखिरी लीग मैच पर टिका हुआ है।

मुंबई इंडियंस का निराशाजनक सीजन
मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन काफी खराब रहा है। पांच बार की चैंपियन टीम इस बार पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान से ऊपर नहीं पहुंच पाएगी। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम अपने पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स से चार विकेट से हारकर आ रही है। ऐसे में मुंबई की कोशिश अपने घरेलू मैदान पर जीत के साथ सीजन खत्म करने की होगी।
MI vs RR: मैच की पूरी जानकारी
मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह मुकाबला रविवार, 24 मई 2026 को दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा। मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। फैंस इस मुकाबले का लाइव प्रसारण जियो स्टार नेटवर्क चैनलों पर देख सकेंगे, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
हेड टू हेड रिकॉर्ड में कांटे की टक्कर
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 32 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें मुंबई इंडियंस ने 16 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स को 15 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका। दोनों टीमों के बीच पहला मैच 7 मई 2008 को खेला गया था, जिसमें मुंबई इंडियंस ने जीत दर्ज की थी। वहीं हाल ही में 7 अप्रैल 2026 को खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने बाजी मारी थी।

वानखेड़े की पिच पर बल्लेबाजों का दबदबा
वानखेड़े स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है। यहां अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। हालांकि बल्लेबाजों का दबदबा रहता है, लेकिन तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में स्विंग भी मिलती है। स्टेडियम समुद्र के करीब होने की वजह से यहां हवा का असर गेंदबाजी पर देखने को मिलता है। आईपीएल 2026 में इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 222 रन रहा है। इसी मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद ने 244 रन का बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था।
संभावित प्लेइंग इलेवन
मुंबई इंडियंस की संभावित टीम में रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह और रघु शर्मा शामिल हो सकते हैं। टीम के इम्पैक्ट प्लेयर एएम गजनफर हो सकते हैं।
वहीं राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन में यशस्वी जायसवाल, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, रवींद्र जडेजा, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, संदीप शर्मा, ब्रिजेश शर्मा और यश राज पुंजा शामिल हो सकते हैं। टीम के इम्पैक्ट प्लेयर वैभव सूर्यवंशी हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें… क्वेटा में रेल हादसा: आत्मघाती धमाके में 30 की मौत, 82 घायल; जाफर एक्सप्रेस के कई डिब्बे पटरी से उतरे








