Mirzapur Box Office: ओटीटी की पॉपुलर सीरीज ‘मिर्जापुर’ को फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर लाने का फैसला शुरुआत में कई लोगों को जोखिम भरा लगा था। दर्शकों के मन में भी सवाल था कि क्या ‘मिर्जापुर’ फिल्म के तौर पर सिनेमाघरों में वही असर छोड़ पाएगी? लेकिन रिलीज के बाद फिल्म ने इन सभी सवालों का जवाब अपनी कमाई से दे दिया है। ‘Mirzapur: The Movie’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की और महज चार दिनों में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया।
Mirzapur Box Office: पहले दिन ही दिखा जबरदस्त क्रेज-
फिल्म की एडवांस बुकिंग को देखते हुए पहले ही अंदाजा लगाया जा रहा था कि यह बॉक्स ऑफिस पर डबल डिजिट में ओपनिंग कर सकती है। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने 25.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद दूसरे दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और इसने 32 करोड़ रुपये बटोरे। तीसरे दिन वीकेंड का फायदा फिल्म को मिला और इसकी कमाई बढ़कर 36 करोड़ रुपये पहुंच गई।
Mirzapur Box Office: चौथे दिन भी जारी रही कमाई-
अब फिल्म के चौथे दिन के शुरुआती कलेक्शन के आंकड़े सामने आ गए हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने चौथे दिन अब तक 9.74 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इन आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 103.49 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 123.8 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
4 दिनों में बजट से आगे निकली फिल्म-
कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘मिर्जापुर द मूवी’ का बजट करीब 90 से 100 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म ने चार दिनों में ही अपने अनुमानित बजट के बराबर कमाई कर ली है। अब वीकडेज में फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट आती है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी। अगर फिल्म की पकड़ सिनेमाघरों में बनी रहती है तो आने वाले वीकेंड में इसकी कमाई में एक बार फिर तेजी देखने को मिल सकती है।
पुराने किरदारों की हुई वापसी-
‘मिर्जापुर द मूवी’ में सीरीज के कई पुराने और लोकप्रिय किरदारों को दोबारा पर्दे पर देखा गया है। पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आए हैं। वहीं अली फजल ने गुड्डू पंडित और दिव्येंदु शर्मा ने मुन्ना त्रिपाठी के रूप में वापसी की है। इसके अलावा श्वेता त्रिपाठी और रसिका दुग्गल भी अपने पुराने किरदारों में दिखाई दी हैं।
इन कलाकारों ने भी निभाए अहम किरदार-
फिल्म में हर्षिता गौर ने डिंपी, श्रिया पिलगांवकर ने स्वीटी और अभिषेक बनर्जी ने कंपाउंडर का किरदार निभाया है। इसके अलावा जितेंद्र कुमार भी फिल्म में अहम भूमिका में नजर आए हैं। चार दिनों की कमाई को देखते हुए ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। अब नजर इस बात पर होगी कि फिल्म आने वाले दिनों में कितनी बड़ी कमाई तक पहुंचती है।








