Mitali Bag Attack: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद मिताली बाग पर जानलेवा हमला किया गया। जानकारी के मुताबिक, मिताली बाग गोगहाट से आरामबाग जा रही थीं, जहां उन्हें अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होना था। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार को निशाना बनाकर हमला किया गया।
ईंट-पत्थरों से हमला, कार के शीशे टूटे
हमलावरों ने सांसद की गाड़ी पर ईंट-पत्थरों और लाठियों से हमला किया। इस हमले में कार के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए और अंदर बैठे सांसद व उनके ड्राइवर को चोटें आईं। घटना के बाद दोनों को तुरंत आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
Mitali Bag Attack: कैमरे के सामने रो पड़ीं सांसद
हमले के बाद मिताली बाग बेहद भावुक नजर आईं और कैमरे के सामने रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि उन पर बड़े-बड़े पत्थरों से हमला किया गया और वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल पाईं।
Mitali Bag Attack: TMC का आरोप- BJP समर्थकों का हाथ
तृणमूल कांग्रेस ने इस हमले के लिए भाजपा समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी ने अमित शाह के हालिया बयान का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं उसी के बाद बढ़ी हैं।
पहले भी हुई हिंसा, चुनावी माहौल तनावपूर्ण
इससे पहले उत्तर 24 परगना के जगदल इलाके में BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पत्थरबाजी और फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राज्य के चुनावी माहौल को बेहद तनावपूर्ण बना दिया है।
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
यह भी पढे़ : मुंबई में ‘मराठी अनिवार्य’ नियम टला, अब 6 महीने तक नहीं होगी सख्ती








