Morena Train Accident: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां ट्रेन में आग लगने की अफवाह ने ऐसा माहौल बना दिया कि कई यात्री घबराकर ट्रेन से नीचे उतर गए। लेकिन कुछ ही सेकंड बाद सामने से आ रही दूसरी ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
आग लगने की अफवाह बनी हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना के हेतमपुर स्टेशन के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के अंदर आग लगने की अफवाह फैल गई। अफवाह सुनते ही कई यात्री घबराकर ट्रेन से नीचे उतर गए और पटरी के आसपास पहुंच गए।
Morena Train Accident: दूसरी ट्रेन आई और मच गया कोहराम
बताया जा रहा है कि इसी दौरान दूसरी लाइन पर फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी। अचानक ट्रेन को सामने देखकर यात्रियों को संभलने या सुरक्षित स्थान पर जाने का मौका नहीं मिला। नतीजा यह हुआ कि कई लोग ट्रेन की चपेट में आ गए।
Morena Train Accident: चेन पुलिंग के बाद रुकी थी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:15 बजे किसी यात्री ने जनरल कोच में अलार्म चेन पुलिंग (ACP) कर दी थी, जिसके बाद इंटरसिटी एक्सप्रेस सेक्शन में रुक गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री नीचे उतरकर दूसरी पटरी की ओर चले गए थे। इसी दौरान पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी और हादसा हो गया।
रेलवे ने क्या कहा?
रेलवे ने अपने बयान में कहा है कि यात्रियों द्वारा चेन खींचकर ट्रेन रोकी गई थी। इसके बाद कुछ लोग बिना अनुमति ट्रेन से उतर गए और पटरी पार करने लगे। दूसरी लाइन पर आ रही ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हुई है। रेलवे का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला यात्रियों की लापरवाही और अफवाह के कारण हुआ हादसा प्रतीत होता है। हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मृतकों की हुई पहचान
Morena Train Accident: हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आफरीन (35), अशद (4), शकुंतला (60) और वीरमा देवी (58) के रूप में हुई है। घटना के बाद रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
यह भी पढ़े: चढ़ावे के बंटवारे को लेकर मंदिर में बवाल, बुजुर्ग पुजारी पर बरसीं लाठियां








