Home » मध्य प्रदेश » एमपी में फिर बढ़े कमर्शियल गैस के दाम, तीन महीने में 1300 रुपए तक महंगा हुआ सिलेंडर

एमपी में फिर बढ़े कमर्शियल गैस के दाम, तीन महीने में 1300 रुपए तक महंगा हुआ सिलेंडर

फिर बढ़े कमर्शियल गैस के दाम

MP LPG Cylinder Price: आज से कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हो गई है। मध्य प्रदेश में सिलेंडर के दाम 44 रुपए तक बढ़ाए गए हैं। नई दरों के अनुसार भोपाल में कमर्शियल सिलेंडर 3116.50 रुपए में मिलेगा। वहीं इंदौर में इसकी कीमत 3222.50 रुपए, जबलपुर में 3290 रुपए, ग्वालियर में 3338.50 रुपए और उज्जैन में 3250 रुपए हो गई है।

पिछले तीन महीनों में कमर्शियल सिलेंडर के दाम करीब 1300 रुपए तक बढ़ चुके हैं। इससे पहले 1 मई को भी कीमतों में इजाफा किया गया था। लगातार बढ़ती कीमतों का असर सीधे होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार पर पड़ रहा है। भोपाल में खाने की कीमतें पहले ही 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ चुकी हैं। वहीं जुलाई तक प्रदेश में 20 हजार से ज्यादा शादियां होनी हैं, ऐसे में आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

गैस महंगी होने से बढ़ रही खाने की लागत

भोपाल होटल एवं रेस्टोरेंट संघ के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के अनुसार, कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पहले की तुलना में इसकी कीमत लगभग 60 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है। इसका सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट के संचालन खर्च पर पड़ रहा है, जिसके कारण खाने के दाम भी बढ़ाने पड़ रहे हैं। पिछली बढ़ोतरी के बाद खाने की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई थी और आने वाले समय में भी दरें बढ़ सकती हैं।

MP LPG Cylinder Price:  फिर बढ़े कमर्शियल गैस के दाम
फिर बढ़े कमर्शियल गैस के दाम

कैटरिंग कारोबार पर भी पड़ा असर

मध्य प्रदेश टेंट कैटर्स एसोसिएशन के रामबाबू शर्मा ने बताया कि सिलेंडर महंगा होने से होटल और कैटरिंग सेवाओं की लागत करीब 10 प्रतिशत तक बढ़ गई है। 500 लोगों के लिए 5 लाख रुपए में तैयार होने वाला भोजन अब 45 से 50 हजार रुपए तक अधिक महंगा पड़ रहा है। यदि गैस की कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही, तो शादी-ब्याह और अन्य आयोजनों का खर्च और बढ़ सकता है।

MP LPG Cylinder Price: रेस्टोरेंट में खाना हुआ महंगा

नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के मध्य प्रदेश प्रमुख अभिषेक बहेती के मुताबिक, कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगभग हर महीने बढ़ोतरी हो रही है। पिछले तीन महीनों में चार बार कीमतें बढ़ाई जा चुकी हैं। इसका असर रेस्टोरेंट के मेन्यू पर भी दिखाई दे रहा है, क्योंकि बढ़ती लागत के कारण खाने के दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं। इसका सीधा बोझ आम ग्राहकों पर पड़ रहा है।

किन जिलों में सबसे कम हैं कमर्शियल सिलेंडर के दाम?

प्रदेश के कुछ जिलों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें अपेक्षाकृत कम हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सीहोर और शाजापुर में सिलेंडर की कीमत 3123 रुपए है, जो सबसे कम दरों में शामिल है। इसके अलावा हरदा में 3146 रुपए, रायसेन में 3152 रुपए, सागर, विदिशा और नर्मदापुरम में 3151 रुपए, छतरपुर में 3153 रुपए, दमोह में 3155 रुपए और बैतूल में 3156 रुपए की अनुमानित कीमत दर्ज की गई है।

इसके अलावा छिंदवाड़ा में 3160 रुपए, देवास में 3226 रुपए, खरगोन में 3237 रुपए, अलीराजपुर में 3240 रुपए, धार में 3249 रुपए, खंडवा में 3251 रुपए और बड़वानी में 3257 रुपए प्रति सिलेंडर की अनुमानित कीमत बताई गई है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा कीमत

प्रदेश में कमर्शियल सिलेंडर की सबसे ज्यादा कीमत रीवा में दर्ज की गई है, जहां एक सिलेंडर की अनुमानित कीमत 3367 रुपए है। इसके बाद नरसिंहपुर, सतना और सिंगरौली में 3365 रुपए, बालाघाट और कटनी में 3363 रुपए तथा पन्ना में 3362 रुपए की कीमत है।

शहडोल में 3360 रुपए, अनूपपुर, सीधी, डिंडौरी और मंडला में 3359 रुपए, सिवनी में 3351 रुपए तथा श्योपुर में 3341 रुपए प्रति सिलेंडर की अनुमानित कीमत है। वहीं शिवपुरी में 3338 रुपए, भिंड और मुरैना में 3337 रुपए, दतिया और टीकमगढ़ में 3332 रुपए तथा निवाड़ी में 3331 रुपए की दर बताई गई है।

इसके अलावा गुना में 3317 रुपए, झाबुआ में 3310 रुपए, नीमच में 3309 रुपए, मंदसौर और रतलाम में 3308 रुपए तथा अशोकनगर में 3307 रुपए प्रति सिलेंडर की अनुमानित कीमत दर्ज की गई है।

आम लोगों और कारोबारियों पर बढ़ रहा दबाव

लगातार बढ़ती कमर्शियल गैस कीमतों का असर केवल होटल और रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि शादी समारोह, कैटरिंग, छोटे भोजनालयों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा, तो आने वाले महीनों में खाने-पीने की सेवाएं और महंगी हो सकती हैं, जिससे आम लोगों का मासिक खर्च बढ़ना तय है।

नोट: जिलेवार कीमतें गैस एजेंसी संचालकों और उपलब्ध ऑनलाइन रिकॉर्ड के आधार पर अनुमानित हैं।

ये भी पढ़े… ढोल की थाप पर थिरके विराट-क्रुणाल, IPL ट्रॉफी जीतते ही RCB ड्रेसिंग रूम में छाया जश्न का रंग