Home » मध्य प्रदेश » MP NEWS: घनघोरिया ने संभाला मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार, ईसी कार्यालय का किए घेराव

MP NEWS: घनघोरिया ने संभाला मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार, ईसी कार्यालय का किए घेराव

MP NEWS: मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के नव-निर्वाचित अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने गुरुवार को आयोजित भव्य और गरिमामयी समारोह में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान चिब, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, एआईसीसी सचिव सत्यनारायण पटेल, विधायक लखन घनघोरिया, सज्जन सिंह वर्मा, पी.सी. शर्मा, सुखदेव पांसे, कुणाल चौधरी, सचिन यादव, आरिफ मसूद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नव-नियुक्त महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव (प्रभारी असम) मितेंद्र दर्शन सिंह यादव, पूर्व विधायक संजय शर्मा, और अन्य कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

भाजपा पर गंभीर आरोप

समारोह को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभान चिब ने भाजपा पर “वोट चोरी” के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव अधिकारियों के साथ मिलकर चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर कर रही है। चिब ने दावा किया कि यदि वोट नहीं चुराए जाते, तो देश और कई राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बनतीं। मध्यप्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि लगभग 25 लाख महिलाओं को लाड़ली बहना योजना की सूची से बाहर कर दिया गया है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रहार है।

MP NEWS: संगठनात्मक मजबूती पर फोकस

पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मजबूती बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर 10 सदस्यीय टीम के साथ बूथ अध्यक्ष नियुक्त किया जाए। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि पूरा कांग्रेस संगठन युवा कांग्रेस के साथ खड़ा है और एसआईआर प्रक्रिया के तहत कथित रूप से काटे जा रहे वोटों पर कड़ी निगरानी रखना जरूरी है। नए अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने अपने संबोधन की शुरुआत शेर-ओ-शायरी से करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस हर जनविरोधी नीति का कड़ा विरोध करेगी।

MP NEWS
                                                                       MP NEWS

MP NEWS: एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन, कई नेता गिरफ्तार

पदभार ग्रहण के तुरंत बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर के विरोध में निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव किया। पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए लाठीचार्ज और वाटर कैनन का उपयोग किया। इस दौरान उदयभान चिब, शिव सिंह चौहान, रूपेश सिंह भदौरिया, यश लखन घनघोरिया, मितेंद्र दर्शन सिंह यादव और हेवरनसिंह कंसाना सहित कई नेताओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में नवनियुक्त महामंत्री चेतन पाटीदार ने आभार व्यक्त किया और संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह “दादू” ने किया।

ये भी पढ़े…. Mp rape news: गौहरगंज में दुष्कर्म के बाद सांप्रदायिक तनाव, पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर