Home » राजनीति » SIR पर योगी के सवालों के बीच अखिलेश यादव की मांग, बोले- आधार कार्ड से जुड़े वोटिंग

SIR पर योगी के सवालों के बीच अखिलेश यादव की मांग, बोले- आधार कार्ड से जुड़े वोटिंग

Aadhaar Linked Voting:

Aadhaar Linked Voting: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि SIR के दौरान एक करोड़ से ज्यादा हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया था कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में नाम होने के बावजूद कई लोगों के नाम लोकसभा और विधानसभा की सूची से गायब क्यों हैं। अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ने की मांग की है।

Aadhaar Linked Voting: अखिलेश यादव ने की आधार कार्ड से वोटिंग जोड़ने की मांग

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए चुनाव प्रक्रिया में बदलाव की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कागज या प्लास्टिक की जगह मेटल कार्ड बनाने का सुझाव दिया, ताकि उनकी नकल करना मुश्किल हो। अखिलेश ने बायोमेट्रिक पहचान प्रणाली अपनाने की भी बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि मतदान के दौरान उंगलियों के निशान या आंखों के जरिए मतदाताओं की पहचान की जाए। उनका कहना है कि इससे फर्जी मतदान पर रोक लगाई जा सकेगी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘चुनाव को लेकर सीधी-सरल मांग है। आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए। कागज या प्लास्टिक की जगह मेटल कार्ड बनाए जाएं, जिससे नकली न बन सकें। उंगलियों के निशान या आंख से होने वाली बायोमेट्रिक्स पहचान को अपनाया जाए क्योंकि ये किसी दो व्यक्ति के समान नहीं होते हैं। इसीलिए भाजपा नकली वोटिंग नहीं करा पाएगी।’ अखिलेश यादव इससे पहले भी आधार कार्ड को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने की मांग कर चुके हैं। इसके अलावा वह SIR की प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए आंदोलनों में भी वह शामिल रहे हैं।

Aadhaar Linked Voting: योगी ने SIR में 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कटने का किया दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान SIR को लेकर कई सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि प्रदेश में करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि इस संबंध में चुनाव आयोग को ज्ञापन भी दिया गया है। योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा और लोकसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। इसके अलावा लगभग 55 लाख लोग ऐसे हैं, जो सरकारी योजनाओं का लाभ तो ले रहे हैं, लेकिन उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि 18 से 19 साल की उम्र के करीब साढ़े चार लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। योगी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें SIR प्रक्रिया वापस लेने की मांग करनी चाहिए, लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे। अब अखिलेश यादव की आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ने की मांग के बाद SIR और मतदाता सूची को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहस और तेज हो गई है।

यह भी पढ़े- मध्य प्रदेश सरकार पर कर्ज का बोझ क्यों बढ़ रहा? ₹100 की कमाई पर ₹124 खर्च, समझिए पूरा बजट गणित