Mp news: मध्य प्रदेश के खंडवा में हनुमान मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी आमिर खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला मोघट थाना क्षेत्र के किशोर नगर का है, जहां गुरुवार-शुक्रवार की रात मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी मंदिर से चांदी के आभूषण, मूर्तियां और नकदी लेकर फरार हो गया था। शुक्रवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो मंदिर के मुख्य दरवाजे और अंदर लगे ताले टूटे मिले। इसके बाद मंदिर समिति को सूचना दी गई और फिर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अगम जैन, एडिशनल एसपी महेंद्र तारनेकर और सिटी एसपी अभिनव बारंगे समेत पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
CCTV कैमरे घुमाए, DVR भी फॉर्मेट कर दिया
पुलिस के मुताबिक आरोपी आमिर खान ने बेहद शातिर तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसने पहले मंदिर की लाइट बंद की, फिर CCTV कैमरों का एंगल घुमा दिया ताकि उसकी पहचान न हो सके। इतना ही नहीं, आरोपी ने DVR भी फॉर्मेट कर दिया था ताकि कोई रिकॉर्डिंग न मिले। हालांकि, पुलिस ने आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। पूछताछ में आमिर ने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली।
Mp news: कई दिनों से कर रहा था मंदिर की रेकी
खंडवा एसपी अगम जैन के अनुसार आरोपी पिछले कई दिनों से मंदिर की रेकी कर रहा था। वह मूल रूप से गोंडा का रहने वाला है और खंडवा में पेंटर के साथ मजदूरी का काम करता था। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।
12 लाख रुपये का सामान जब्त
Mp news: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। इसमें चांदी के मुकुट, छत्र, बाजूबंद, पीतल की मूर्तियां, घंटियां, दीपक, दान पात्र, नगदी और चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये है।
ये भी पढ़े: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, CBI ने ‘किंगपिन’ पीवी कुलकर्णी को किया गिरफ्तार








