Neet paper leak: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने इस पूरे रैकेट के कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार कर लिया है। कुलकर्णी पेशे से केमिस्ट्री लेक्चरर है और NTA की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था। सीबीआई के मुताबिक उसी ने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र एक्सेस कर छात्रों तक पहुंचाए थे।
पुणे में चल रही थीं स्पेशल क्लासेस
जांच में सामने आया है कि अप्रैल 2026 के आखिरी हफ्ते में पीवी कुलकर्णी ने आरोपी मनीषा वाघमारे के साथ मिलकर कुछ छात्रों को इकट्ठा किया था। इसके बाद पुणे स्थित अपने घर पर विशेष क्लासेस शुरू की गईं। इन क्लासेस में छात्रों को वही सवाल और उनके सही जवाब बताए गए, जो बाद में असली NEET-UG परीक्षा में पूछे गए।
Neet paper leak: छात्रों ने हाथ से नोट किए थे सवाल
सीबीआई के अनुसार, क्लास के दौरान छात्रों ने सवाल और जवाब अपनी नोटबुक में हाथ से लिखे थे। जब 3 मई 2026 को NEET-UG परीक्षा हुई तो वही प्रश्न हूबहू पेपर में मिले। इससे जांच एजेंसी को पेपर लीक की पुष्टि करने में अहम सबूत मिले हैं।
Neet paper leak: मनीषा वाघमारे पहले ही हो चुकी है गिरफ्तार
सीबीआई ने बताया कि इस मामले में मनीषा वाघमारे को 14 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। जांच में उसकी भूमिका छात्रों को जुटाने और क्लासेस आयोजित कराने में सामने आई है। एजेंसी अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
Neet paper leak: पेपर लीक मामले में अब तक कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ये गिरफ्तारियां जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से की गई हैं। इनमें से पांच आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। वहीं बाकी दो आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है।
ये भी पढ़े: ईरान का बड़ा बयान, भारत की भूमिका पर भरोसा; होर्मुज और परमाणु मुद्दे पर खुलकर बोले अराघची








