Home » BIOGRAPHY » लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी, नेहरू का रिकॉर्ड टूटा

लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी, नेहरू का रिकॉर्ड टूटा

Narendra Modi:

Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। बुधवार को उनके कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे हो गए, जिसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और वर्तमान में उनका तीसरा कार्यकाल जारी है।

NDA बैठक में पीएम मोदी को दी गई बधाई

प्रधानमंत्री की इस उपलब्धि और केंद्र में NDA सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा और NDA शासित 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी और NDA नेताओं ने पारंपरिक बंगाली व्यंजन झालमुड़ी का आनंद लिया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्वयं प्रधानमंत्री को झालमुड़ी परोसकर सम्मान व्यक्त किया।

Narendra Modi: कैबिनेट ने पारित किया बधाई प्रस्ताव

NDA बैठक से पहले प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई। मंत्रिमंडल ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। बैठक में सभी मंत्रियों ने खड़े होकर तालियां बजाकर उनका सम्मान किया।

Narendra Modi: कैसे टूटा नेहरू का रिकॉर्ड?

भारत की स्वतंत्रता के बाद जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त 1947 को देश के पहले प्रधानमंत्री बने थे। हालांकि उस समय वे निर्वाचित प्रधानमंत्री नहीं थे। वर्ष 1952 में देश के पहले आम चुनाव के बाद कांग्रेस ने सरकार बनाई और नेहरू को संसदीय दल का नेता चुना गया। इसके बाद 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक वे लगातार 4,398 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने अब 4,399 दिन पूरे कर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है और देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।

पीएम मोदी बोले- देशवासियों का प्यार मेरी सबसे बड़ी ताकत

राष्ट्रपति की ओर से मिली शुभकामनाओं पर प्रधानमंत्री मोदी ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले वर्षों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक प्रयास और संकल्प का परिणाम हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, “140 करोड़ भारतीयों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है।”

दुनिया भर से मिली बधाई

प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि पर कई देशों के नेताओं ने उन्हें बधाई दी। इजराइल, दक्षिण कोरिया और इथियोपिया सहित कई देशों के शीर्ष नेताओं ने उनके नेतृत्व की सराहना की। इजराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और इजराइल की मित्रता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में और अधिक मजबूत हुई है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने इसे भारतीय जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। वहीं इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्थिक विकास और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

यह भी पढे़ : UP में कलेक्टर कार्यालय के सामने महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, होमगार्ड की सतर्कता से टला बड़ा हादसा