Home » मध्य प्रदेश » नरोत्तम मिश्रा को बड़े नेताओं का साथ, दिल्ली में फैसला अटका; जामवाल-विजयवर्गीय पहुंचे घर

नरोत्तम मिश्रा को बड़े नेताओं का साथ, दिल्ली में फैसला अटका; जामवाल-विजयवर्गीय पहुंचे घर

Narottam Mishra News: दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की राजनीतिक भूमिका को लेकर पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। संगठन में मिश्रा को कौन-सी जिम्मेदारी दी जाएगी, इसे लेकर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक मंथन की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल इस पर कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।

सूत्रों के मुताबिक, दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की हार को लेकर मिश्रा पर उठे सवालों पर उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने अपना पक्ष रखा है। साथ ही संगठन में अपने लिए उपयुक्त जिम्मेदारी दिए जाने की इच्छा भी जताई है। बताया जा रहा है कि प्रदेश के कुछ वरिष्ठ नेता भी मिश्रा के पक्ष में हैं और चाहते हैं कि उनकी भूमिका को लेकर जल्द स्थिति स्पष्ट हो।

Narottam Mishra News: टिकट कटने के बाद हुआ था विवाद

दतिया विधानसभा उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा को संभावित दावेदारों में माना जा रहा था, लेकिन भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इसके बाद उनके समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली थी। समर्थकों ने जिला भाजपा कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा था। इसके बाद उपचुनाव में भाजपा की हार ने मिश्रा की भूमिका को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा को और हवा दे दी। अब निगाहें इस बात पर हैं कि पार्टी उन्हें संगठन में नई जिम्मेदारी देती है या उनकी भूमिका को लेकर कोई दूसरा फैसला होता है।

Narottam Mishra News
                                     Narottam Mishra News
जामवाल और विजयवर्गीय पहुंचे आवास

इसी बीच मंगलवार को भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने नरोत्तम मिश्रा से उनके आवास पर मुलाकात की। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मिश्रा से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं ने अलग-अलग समय पर मुलाकात की।

सूत्रों के अनुसार, जामवाल को मिश्रा की ओर से मुलाकात के लिए आमंत्रित किया गया था, जबकि विजयवर्गीय अलग से उनसे मिलने पहुंचे। दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद जामवाल की मिश्रा से यह पहली प्रमुख मुलाकात बताई जा रही है। ऐसे में दोनों नेताओं का मिश्रा के घर पहुंचना राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Narottam Mishra News: दिल्ली से फैसले का इंतजार

मिश्रा की अगली भूमिका को लेकर अब पार्टी नेतृत्व के फैसले का इंतजार है। सूत्रों का दावा है कि प्रदेश के कुछ नेता मिश्रा के समर्थन में हैं और चाहते हैं कि उनकी संगठनात्मक भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए। हालांकि, दिल्ली में इस मामले को लेकर अभी निर्णय की स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में अजय जामवाल और कैलाश विजयवर्गीय की नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात के बाद भाजपा के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि नरोत्तम मिश्रा की अगली जिम्मेदारी क्या होगी और दिल्ली इस पर कब अंतिम मुहर लगाएगी।

ये भी पढ़े…  जब अखिलेश पैंट नहीं पहनते थे, मैं मुलायम के साथ बैठता था, पूर्व मंत्री नारद राय का सपा पर बड़ा हमला