National: दिल्ली और चंडीगढ़ के कई स्कूलों और सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सोमवार सुबह प्राप्त ई-मेल में इन इमारतों को बम से उड़ाने की बात कही गई। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और सभी परिसरों की गहनता से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले देश के कुछ राज्यों में न्यायालयों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिली थी।
महापौर कार्यालय और सचिवालय सचिवालय निशाने पर !
चंडीगढ़ में खालिस्तान समर्थकों की ओर से भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में शहर के कुछ स्कूल, महापौर कार्यालय और सचिवालय को निशाना बनाते हुए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ई-मेल में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें लिखा गया है, “अपने बच्चों को बचाओ। खालिस्तान वाले बच्चों के खिलाफ नहीं, हिंदुस्तान मोदी सरकार को तबाह करेंगे।”ई-मेल की शुरुआत में स्कूलों में जन गण मन के गान के बजाय गुरु गोविन्द सिंह की रचना ‘देह सिवा बरु मोहि इहै’ शुरू करवाने के लिए भी कहा गया है।
National: स्कूलों और इमारतों की जांच
चंडीगढ़ पुलिस ने धमकी की जानकारी मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू की। बम निरोधक दस्ते और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्कूलों और सरकारी इमारतों की जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों और कॉलेजों में मौजूद छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं, दिल्ली में भी ऐसा ही मामला सामने आया। दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज और मिरांडा हाउस में भी एक ई-मेल आया, जिसमें बम धमाके की धमकी दी गई है। सोमवार सुबह प्रशासन को यह ई-मेल मिला। एहतियातन कॉलेज परिसर खाली कराया गया और बम स्क्वॉड तथा डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। फिलहाल परिसर की पूरी तलाशी ली जा रही है।
National: छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल कोई घटना घटित नहीं हुई है और जांच जारी है। ई-मेल भेजने वाले के सर्वर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की छानबीन की जा रही है। सभी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी इमारतों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यह पहली बार नहीं, जब किसी स्कूल या सरकारी परिसर को धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ हो। इससे पहले भी कई बार स्कूलों, विधानसभा और कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।








