NEET Exam: पेपर लीक से जुड़ी गड़बड़ियों के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि अगले साल से NEET परीक्षा ऑनलाइन मोड में कराई जाएगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि अब परीक्षा OMR शीट की जगह कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के जरिए होगी।उन्होंने कहा, “अगले साल से वास्तविक मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा और NEET परीक्षा अब CBT मोड में आयोजित की जाएगी।”
नीट-यूजी 2026 और पेपर लीक जांच
धर्मेंद्र प्रधान ने नीट-यूजी 2026 को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि पुनः परीक्षा की नई तारीख 21 जून तय की गई है।उन्होंने बताया कि 3 मई को परीक्षा हुई थी और 7 मई को NTA को शिकायत मिली थी कि गेस पेपर में कुछ सवाल ऐसे थे जो असली प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते थे। इसके बाद उच्च शिक्षा विभाग ने तुरंत जांच शुरू की और मामला एक सरकारी एजेंसी को सौंप दिया गया। सभी राज्य एजेंसियों से संपर्क के बाद 12 मई तक यह सामने आया कि गेस पेपर के जरिए असली परीक्षा के प्रश्न लीक हुए थे।
NEET Exam: छात्रों के हित को प्राथमिकता
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि कोई भी योग्य छात्र किसी फर्जी उम्मीदवार या शिक्षा माफिया की साजिशों के कारण अपने अधिकार से वंचित रहे।उन्होंने बताया कि पहले हुई गड़बड़ियों के बाद राधाकृष्णन समिति बनाई गई थी और उसकी 2025 व 2026 दोनों के लिए सिफारिशें लागू की गईं, लेकिन इसके बावजूद यह घटना सामने आई। इसी वजह से परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया।
धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि परीक्षा रद्द होने के तुरंत बाद NTA ने छात्रों की फीस वापस करने का निर्णय लिया था। साथ ही दोबारा परीक्षा के लिए किसी भी छात्र से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "CBI इस मामले की गहराई से जांच करेगी। इस बार किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा…"
उन्होंने यह भी कहा, "…अगले साल से, NEET परीक्षा कंप्यूटर-आधारित होगी…" pic.twitter.com/ZWDa3IatEi
— IANS Hindi (@IANSKhabar) May 15, 2026
परीक्षा केंद्र बदलने का विकल्प
NTA ने छात्रों को सुविधा देते हुए एक सप्ताह का समय देने का फैसला किया है, ताकि वे अपने शहर के अनुसार पसंदीदा परीक्षा केंद्र फिर से चुन सकें।साथ ही परीक्षा का समय भी 15 मिनट बढ़ा दिया गया है। अब परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक की बजाय शाम 5:15 बजे तक चलेगी।
एडमिट कार्ड और व्यवस्था
उन्होंने बताया कि दोबारा परीक्षा के एडमिट कार्ड 14 जून तक सभी उम्मीदवारों को जारी कर दिए जाएंगे।सरकार राज्यों से बात कर छात्रों के लिए ट्रांसपोर्ट व्यवस्था भी सुनिश्चित करेगी। मंत्री ने कहा कि वह खुद भी मुख्यमंत्रियों से संपर्क करेंगे ताकि छात्रों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।इसके अलावा 21 जून के मौसम को देखते हुए NTA वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार कर रहा है।
दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "…NEET की दोबारा परीक्षा की तारीख 21 जून को घोषणा की गई है। मैं आपके सामने और आपके माध्यम से, देशवासियों से खास तौर पर छात्रों और उनके माता-पिता के सामने कुछ बातें रखना चाहता हूं। हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता छात्रों का… pic.twitter.com/4UmrNEM01q
— IANS Hindi (@IANSKhabar) May 15, 2026
सरकार का सख्त रुख और CBI जांच
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 15 तारीख को नई परीक्षा तारीख घोषित की गई है और यह परीक्षा एक महीने से थोड़ा ज्यादा समय बाद होगी।उन्होंने कहा कि सरकार का रुख साफ है गड़बड़ी के प्रति जीरो टॉलरेंस। यह परीक्षा माफिया और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लंबी लड़ाई है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया पर कई फर्जी जानकारी फैलाई जा रही है, जिससे भ्रम पैदा हो रहा है और परीक्षा प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश की जा रही है।इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए मामला तुरंत CBI को सौंप दिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि CBI और अन्य एजेंसियां निष्पक्ष जांच करेंगी।
सख्त चेतावनी
शिक्षा मंत्री ने अंत में कहा कि सरकार, सभी विभाग और शीर्ष नेतृत्व इस पूरे मामले पर गंभीरता से नजर रख रहे हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी लोग डर या गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करेंगे, उन्हें इससे दूर रहना चाहिए, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








