NEET Protest: NEET परीक्षा के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों को तमिलनाडु सरकार ने बड़ी राहत देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निर्देश पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर दर्ज सभी पुलिस मामलों को वापस लिया जाएगा। इस फैसले की जानकारी राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर लिया गया फैसला
स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि NEET विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्रों और युवाओं पर दर्ज सभी मामलों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सरकार जल्द ही इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगी।
NEET Protest: NEET विरोध प्रदर्शन के दौरान दर्ज हुए थे मामले
हाल के दिनों में NEET परीक्षा को लेकर तमिलनाडु सहित कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। चेन्नई समेत राज्य के कई हिस्सों में छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेन्नई में कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय ‘बालन इल्लम’ के बाहर धरना और कई स्थानों पर सड़क जाम के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था और उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए गए थे।
सरकार बोली- छात्रों का भविष्य नहीं होगा प्रभावित
तमिलनाडु सरकार का कहना है कि मुकदमे वापस लेने का उद्देश्य छात्रों के भविष्य को कानूनी मामलों से प्रभावित होने से बचाना है। सरकार जल्द ही इस फैसले के क्रियान्वयन की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक करेगी, ताकि सभी पात्र छात्रों को इसका लाभ मिल सके।
NEET Protest: पहले भी उठ चुके हैं ऐसे कदम
तमिलनाडु से पहले भी कुछ राज्यों ने छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने की घोषणा की थी। राज्य सरकार के इस फैसले को NEET विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्रों के लिए बड़ी राहत और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार के सकारात्मक रुख के रूप में देखा जा रहा है।
ये भी पढ़े… फ्रेंडशिप डे पर बदले दिखे कंगना रनौत के तेवर, Gen-Z युवाओं के नाम साझा किया खास संदेश








