NEET Suicide Case: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के कर्जत क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। जलालपुर गांव की रहने वाली छात्रा अंकिता सांगले ने रविवार को आत्महत्या कर ली। दोबारा आयोजित हुई NEET परीक्षा में उसे 166 अंक मिले थे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।कर्जत पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (Accidental Death) का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी महाराष्ट्र पुलिस ने दी है।
कम नंबर आने के बाद उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, अंकिता ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में NEET परीक्षा का जिक्र किया गया है।परिजनों का कहना है कि अंकिता को परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक अंक नहीं मिले थे। उसे NEET में 166 अंक प्राप्त हुए थे, जिससे वह काफी मानसिक तनाव में आ गई थी। परिवार का दावा है कि इसी तनाव के कारण उसने रविवार शाम करीब 4:30 बजे आत्महत्या कर ली।
कमरे में पढ़ाई कर रही थी छात्रा
परिवार ने बताया कि अंकिता की पढ़ाई के लिए घर में अलग कमरा बनाया गया था। घटना वाले दिन भी वह उसी कमरे में पढ़ाई कर रही थी। काफी देर तक कमरे से कोई आवाज या हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। अंकिता फंदे से लटकी हुई मिली।इसके बाद तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। अन्ना सांगले द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार ने लगाया मानसिक दबाव का आरोप
अंकिता के परिवार का कहना है कि NEET परीक्षा में कम अंक आने के कारण वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। उनका दावा है कि इसी वजह से उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
सांसद नीलेश लंके ने जताया शोक
घटना के बाद सांसद नीलेश लंके जलालपुर स्थित अंकिता के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया।इस दौरान उन्होंने अंकिता की मौत के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। सांसद ने मांग की कि अंकिता की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों और NEET पेपर लीक मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक से पहले हुई परीक्षा में अंकिता के अच्छे अंक आए थे। इस पूरे मामले में उन्होंने सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
मई 2026 में भी इसी तरह की एक घटना सामने आई थी। उस समय NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। छात्रा के पिता ने बताया था कि परीक्षा रद्द होने के बाद से वह गहरे अवसाद (डिप्रेशन) में थी।
यह भी पढ़े…..पेपर लीक पर सख्त कानून लाने की तैयारी, सरकार आज पेश करेगी लोक परीक्षा संशोधन विधेयक








