Home » Uncategorized » नेपाल ने 200 और 500 रुपये के भारतीय नोटों पर दी बड़ी राहत, अब ₹25,000 तक ले जा सकेंगे भारतीय रुपए

नेपाल ने 200 और 500 रुपये के भारतीय नोटों पर दी बड़ी राहत, अब ₹25,000 तक ले जा सकेंगे भारतीय रुपए

Nepal Currency Rules:

Nepal Currency Rules: नेपाल जाने वाले भारतीयों और सीमा से जुड़े इलाकों के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नेपाल राष्ट्र बैंक (एनआरबी) ने भारतीय करेंसी को लेकर नियमों में ढील देते हुए 9 नवंबर 2016 के बाद जारी 200 और 500 रुपये के भारतीय नोटों को नेपाल लाने और ले जाने की अनुमति दे दी है। नए नियम के तहत भारतीय और नेपाली नागरिक प्रति व्यक्ति अधिकतम ₹25,000 तक की भारतीय करेंसी अपने साथ ले जा सकेंगे।

Nepal Currency Rules: किन नोटों को मिली मंजूरी-

नेपाल राष्ट्र बैंक के अनुसार, केवल 9 नवंबर 2016 के बाद जारी नए डिजाइन वाले 200 और 500 रुपये के भारतीय नोट ही मान्य होंगे। वहीं, नोटबंदी से पहले जारी पुराने 500 और 1,000 रुपये के भारतीय नोटों पर पहले की तरह प्रतिबंध जारी रहेगा।

Nepal Currency Rules: क्या हैं नए नियम-

एनआरबी ने स्पष्ट किया है कि नेपाली नागरिक भारत के अलावा किसी अन्य देश से भारतीय करेंसी नेपाल नहीं ला सकेंगे। वहीं, नेपाल से बाहर ले जाई जाने वाली भारतीय करेंसी भी केवल भारत ही ले जाई जा सकेगी, किसी तीसरे देश में नहीं।

सीमावर्ती इलाकों को होगा बड़ा फायदा-

इस फैसले से सिकटी, कुआड़ी, डुमरिया, लेलोखर, आमगाछी, मेघा और पहारा जैसे भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। धार्मिक यात्रा, इलाज, खरीदारी और रिश्तेदारी में आने-जाने वाले लोग अब बिना करेंसी बदलवाए भारतीय नोटों से भुगतान कर सकेंगे।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा-

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का मानना है कि इस फैसले से भारत-नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी। नकदी लेन-देन आसान होगा, सीमा पार आवागमन सुगम बनेगा और कपड़ा, किराना, दवा, कृषि उपकरण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे कारोबार को भी गति मिलेगी।

नोटबंदी के बाद लगे प्रतिबंधों में मिली राहत-

यह बदलाव 8 नवंबर 2016 को भारत में नोटबंदी के बाद लगाए गए प्रतिबंधों के बाद किया गया है। नेपाल राष्ट्र बैंक का यह फैसला दोनों देशों के आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है

यह भी पढ़े- भारत-नेपाल सीमा के पास हिंसक झड़प के बाद तनाव, एक की मौत; कई इलाकों में कर्फ्यू