Home » Foreign Affairs » भारत के चीनी निर्यात बैन से नेपाल की बढ़ी टेंशन, महंगी हुई चीनी

भारत के चीनी निर्यात बैन से नेपाल की बढ़ी टेंशन, महंगी हुई चीनी

Nepal news: भारत द्वारा चीनी निर्यात पर लगाई गई रोक का असर अब पड़ोसी देश नेपाल में साफ दिखाई देने लगा है। नेपाल पहले से ही चीनी की कमी और बढ़ती कीमतों से जूझ रहा है, वहीं अब एक नई रिपोर्ट ने उसकी चिंताओं को और बढ़ा दिया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत अगले कम से कम तीन साल तक बड़े पैमाने पर चीनी निर्यात करने की स्थिति में नहीं रहेगा। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में गन्ने के उत्पादन पर मौसम का असर पड़ सकता है। एल नीनो जैसी परिस्थितियों के कारण उत्पादन घटने की आशंका है, जबकि दूसरी ओर एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने की बढ़ती खपत भी चीनी की उपलब्धता कम कर रही है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों टन चीनी की कमी देखने को मिल सकती है।

दुनिया के कई देशों पर पड़ेगा असर

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत लंबे समय तक निर्यात बाजार से दूर रहता है तो एशिया, अफ्रीका और मध्य पूर्व के उन देशों को बड़ा झटका लग सकता है जो अपनी जरूरतों के लिए आयातित चीनी पर निर्भर हैं। इसके अलावा अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों में भी चीनी की कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत वैश्विक चीनी बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाने वाला अहम खिलाड़ी रहा है। ऐसे में उसकी अनुपस्थिति अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता बढ़ा सकती है।

Nepal news: नेपाल में पहले ही बढ़ने लगी कीमतें

भारत सरकार ने घरेलू बाजार में पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए 30 सितंबर 2026 तक चीनी निर्यात पर रोक लगा रखी है। इसका सीधा असर नेपाल पर पड़ रहा है, जो अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा भारत से आयात करता रहा है।

Nepal news: उत्पादन घटा, आयात पर बढ़ी निर्भरता

काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल में पहले हर साल करीब 1.55 लाख टन चीनी का उत्पादन होता था। लेकिन चीनी मिलों द्वारा किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण कई किसानों ने गन्ने की खेती छोड़ दी। इसका नतीजा यह हुआ कि उत्पादन घटकर करीब 1.20 लाख टन रह गया। वहीं नेपाल में सालाना चीनी की मांग लगभग 3 लाख टन है। यानी देश को अपनी जरूरत का करीब दो-तिहाई हिस्सा आयात करना पड़ता है। भारत से आपूर्ति प्रभावित होने के बाद नेपाल के बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है।

एक महीने में 15 रुपये तक बढ़े दाम

Nepal news: रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के निर्यात बैन के करीब एक महीने के भीतर नेपाल में चीनी की कीमतें लगभग 15 नेपाली रुपये प्रति किलो तक बढ़ गई हैं। जो चीनी कुछ समय पहले 95 नेपाली रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वह अब अधिकांश खुदरा दुकानों में करीब 110 नेपाली रुपये प्रति किलो के भाव पर मिल रही है। यदि आपूर्ति की स्थिति नहीं सुधरी तो आने वाले महीनों में कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

 

 

ये भी पढ़ें: लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र