Noida News: नोएडा के सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली सिलिकॉन सिटी सोसाइटी में एक बुजुर्ग का शव उनके फ्लैट से बरामद हुआ। पुलिस और आसपास रहने वाले लोगों के मुताबिक, उनकी मौत करीब तीन दिन पहले हो चुकी थी। बुजुर्ग फ्लैट में अकेले रहते थे। उनका बेटा लंदन में और बेटी इंडोनेशिया के बाली में रहती है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पड़ोसियों ने फ्लैट से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
बदबू आने पर खुला फ्लैट का दरवाजा
यह मामला थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सेक्टर-76 की आम्रपाली सिलिकॉन सिटी सोसाइटी का है। रविवार शाम 11वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पहले सोसाइटी के गार्ड और फिर पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खोलने पर फ्लैट के अंदर बिजली कटी हुई मिली और वहां किराए पर अकेले रह रहे बुजुर्ग सोफे पर मृत अवस्था में मिले।
पुलिस के अनुसार, उनकी मौत करीब तीन दिन पहले हो चुकी थी, जिसकी वजह से शव से दुर्गंध आने लगी थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को मौके पर बुलाया और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शुरुआती आशंका है कि उनकी मौत हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज के कारण हुई हो सकती है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पत्नी से अलग रहते थे
मृतक की पहचान करीब 67 वर्षीय राजीव अरोड़ा के रूप में हुई है। वह नोएडा के सेक्टर-50 स्थित स्टेलर किंग सोसाइटी के रहने वाले थे और शेयर ट्रेडिंग का काम करते थे। परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों की शादी हो चुकी है।उनका बेटा इंजीनियर है और लंदन में नौकरी करता है, जबकि बेटी इंडोनेशिया के बाली में रहती है। पत्नी से उनका कई साल पहले अलगाव हो चुका था और वह नोएडा के सेक्टर-128 में रहती हैं। राजीव अरोड़ा पिछले छह महीने से सिलिकॉन सिटी सोसाइटी में किराए के फ्लैट में अकेले रह रहे थे।पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि शेयर बाजार में भारी नुकसान होने के कारण वह काफी समय से मानसिक तनाव में थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जांच में यह भी सामने आया कि फ्लैट का किराया और बिजली बिल समय पर जमा नहीं हो रहा था। इस बात को लेकर उनका मकान मालिक से विवाद भी चल रहा था।एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सोसाइटी और फ्लैट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच रही है।
अकेले रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर बड़े शहरों में अकेले रहने वाले लोगों, खासकर बुजुर्गों की सुरक्षा और उनकी नियमित देखभाल को लेकर चिंता बढ़ाती है। ऐसे मामलों में परिवार और आसपास के लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र की एक सोसाइटी में अकेले रहने वाले एक डॉक्टर का शव भी उनके फ्लैट से बरामद हुआ था।
यह भी पढ़े…थाईलैंड जाने वाले भारतीयों के लिए राहत, वीजा-फ्री एंट्री जारी, लेकिन अब लागू होगी ये शर्त.








