Northern Cyprus Ferry Accident: काइरेनिया से तुर्किये के ताशुकू जा रही थी फेरी, पानी भरने के बाद यात्रियों ने समुद्र में लगाई छलांग; बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Northern Cyprus Ferry Accident: काइरेनिया बंदरगाह से रवाना हुई थी फेरी-
उत्तरी साइप्रस के तट के पास रविवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। काइरेनिया बंदरगाह से तुर्किये के मेर्सिन प्रांत स्थित ताशुकू जा रही एक पैसेंजर फेरी समुद्र में पलट गई। हादसे के समय फेरी में करीब 267 से 270 लोग सवार थे, जिनमें 259 यात्री और 8 क्रू मेंबर्स शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, निजी तौर पर संचालित कैटामरन फेरी दोपहर करीब 12:30 बजे काइरेनिया बंदरगाह से तुर्किये के लिए रवाना हुई थी।
Northern Cyprus Ferry Accident: तट से 2 किलोमीटर दूर फेरी में भरने लगा पानी-
बताया जा रहा है कि काइरेनिया तट से करीब 2 किलोमीटर दूर पहुंचने के बाद फेरी में अचानक पानी भरने लगा। कुछ ही समय में स्थिति गंभीर हो गई और जहाज असंतुलित होकर समुद्र में पलट गया। हालात बिगड़ते देख कैप्टन ने तुरंत डिस्ट्रेस कॉल जारी कर मदद मांगी।
जान बचाने के लिए यात्रियों ने समुद्र में लगाई छलांग-
तुर्किये के सरकारी TRT न्यूज चैनल के मुताबिक, फेरी में तेजी से पानी भरने और उसके असंतुलित होने के बाद कुछ यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहनकर समुद्र में छलांग लगा दी। हादसे की सूचना मिलते ही कोस्टगार्ड, पोर्ट अथॉरिटी और रेस्क्यू हेलिकॉप्टर मौके पर पहुंच गए। इसके अलावा आसपास मौजूद कई मछुआरों ने भी अपनी नावों के जरिए राहत और बचाव अभियान में मदद की।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी-
उत्तरी साइप्रस के परिवहन मंत्री एरहान अरिकली ने बताया कि फेरी के पलटने के बाद रेस्क्यू टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई थीं। समुद्र में बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। काइरेनिया के मेयर मूरत शेनकुल ने हादसे की स्थिति को बेहद गंभीर बताया है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़े- आर्यन जूयाल और रिंकू सिंह ने सेंट्रल ज़ोन को दिलाया 266 रनों का सम्मानजनक स्कोर








