RAJNATH SINGH: राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि आतंकवाद को संरक्षण देने वालों तक सिंधु नदी का पानी नहीं पहुंचने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने स्पष्ट कर दिया था कि जो देश आतंकवाद को बढ़ावा देते हैं, उन्हें भारत की ओर से किसी तरह की राहत की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।
‘आतंक के संरक्षकों तक नहीं जाएगा सिंधु का पानी’
तेलंगाना में भाजपा द्वारा आयोजित ‘इंटेलेक्चुअल मीट’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित करने का निर्णय लेकर साफ संदेश दिया है कि मानवता के दुश्मनों और आतंकवाद के आकाओं तक सिंधु नदी का पानी नहीं पहुंचने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद देश ने दृढ़ता से जवाब दिया और आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति को स्पष्ट कर दिया।
RAJNATH SINGH: ऑपरेशन सिंदूर का किया उल्लेख
राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर(Operation Sindoor) के माध्यम से भारत ने दुनिया को दिखा दिया कि जो लोग शांति और सद्भाव की भाषा नहीं समझते, उन्हें उसी भाषा में जवाब देना भी आता है। उन्होंने कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ केवल बयान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर निर्णायक कार्रवाई भी करता है।
‘भारत विश्व बंधु भी है और ताकतवर भी’
रक्षामंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने कई देशों को वैक्सीन और मानवीय सहायता उपलब्ध कराई। इसी वजह से दुनिया भारत को “विश्व बंधु” के रूप में देखती है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत के विरोधियों को यह नहीं भूलना चाहिए कि देश के पास सिर्फ वैक्सीन ही नहीं बल्कि ब्रह्मोस मिसाइल (BrahMos Missile) जैसी अत्याधुनिक मिसाइलें भी हैं।
RAJNATH SINGH: राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला
रक्षा मंत्री ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को एक परिवार की जागीर मानती है। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ लोग चुनाव जीतने के लिए जनता का विश्वास हासिल करने के बजाय “अपने समय” का इंतजार करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीति अगली पीढ़ी को ध्यान में रखकर चलती है, जबकि विपक्ष केवल अगले चुनाव की चिंता करता है।
‘देश की सुरक्षा पर खर्च हो रहा हर रुपया’
राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का हर कदम राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है और बजट का प्रत्येक रुपया देश की सुरक्षा और विकास में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत और सुरक्षित भारत का निर्माण करना है।
ये भी पढ़े… मध्य प्रदेश में साइबर अपराधियों पर AI का शिकंजा, CM मोहन ने दी हाईटेक सुरक्षा प्लेटफॉर्म की मंजूरी








