Home » अंतरराष्ट्रीय » पाकिस्तान में आतंकी हमला, DSP समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत, 12 घायल

पाकिस्तान में आतंकी हमला, DSP समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत, 12 घायल

Pakistan Terror Attack:

Pakistan Terror Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को आतंकवादियों ने पुलिस की एक गाड़ी पर हमला कर दिया। इस हमले में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। यह हमला उस समय हुआ, जब पुलिस की टीम अवैध सोने के खनन के खिलाफ अभियान चलाने के लिए जा रही थी। आपात सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के मुताबिक, हमले में मरने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

Pakistan Terror Attack: क्या है पूरा मामला?

पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जैब ने बताया कि कोहाट जिले के गंबट इलाके में जा रही पुलिस टीम पर कोहाट और करक के बीच स्थित दरबोकाच जलंधर बांदा इलाके में हमला किया गया। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने पहाड़ियों से पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस दौरान कई पुलिसकर्मी हताहत हुए और पुलिस के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

Pakistan Terror Attack: हमले में DSP समेत इन अधिकारियों की मौत

पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जैब ने बताया कि मृतकों में गंबट के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) हैदर जमां और उपनिरीक्षक मुख्तियार भी शामिल हैं। हमले के दौरान पुलिस की पांच गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। हमलावरों ने लगातार पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक भारी गोलीबारी हुई।

घटनास्थल पर भेजा गया अतिरिक्त पुलिस बल

हमले की सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। इसके अलावा जवाबी कार्रवाई के लिए पुलिस का एक बड़ा दस्ता भी बुलाया गया। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, घटना के बाद जिला मुख्यालय शिक्षण अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी गई, ताकि घायलों का तत्काल इलाज किया जा सके।

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर ने की हमले की निंदा

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे आपराधिक तत्वों और आतंकवादियों के बीच गठजोड़ का नतीजा बताया। साथ ही, हमले में जान गंवाने वाले पुलिस अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

यह भी पढ़े- कौन है लतीफ भट? कुलगाम आतंकी हमले में सामने आया नाम, लश्कर से पुराना नाता और सुरक्षा एजेंसियों को तलाश