Home » नई दिल्ली » सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को बताया ‘सबसे बड़ा उत्पाती’

सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को बताया ‘सबसे बड़ा उत्पाती’

Parliament Monsoon Session rahul gandhi

Parliament Monsoon Session: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल गांधी को ‘सबसे बड़ा उत्पाती’ बताते हुए कहा कि वे छात्रों के सहारे अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। अनुराग ठाकुर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि मेरा इतना ही कहना है कि ‘सोरोस के चमचे, इंदिरा के नाते, राहुल गांधी सबसे बड़े उत्पाती’।

आपातकाल के दौरान छात्रों को जेल में डाला

इंदिरा गांधी के कार्यकाल में आपातकाल के दौरान एक लाख छात्रों को जेल में डाला गया। यह कांग्रेस का इतिहास है। जो लोग भ्रष्टाचार के मामले में आज जमानत पर हैं, वे छात्रों के हित में बोलेंगे? जिनकी सरकारों के समय 100 से अधिक पेपर लीक हुए, क्या वे (राहुल गांधी) छात्रों के हक में बोलेंगे? भाजपा सांसद ने आरोप लगाए कि राहुल गांधी छात्रों के सहारे अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। इसलिए छात्र उन्हें अपने आंदोलन में बुलाने में राजी नहीं थे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को 9 घंटे सदन में चर्चा हुई, लेकिन कांग्रेस पार्टी के सदस्य 9 शब्द भी बिल पर नहीं बोले। इनका छात्रों, आंदोलन और पेपर लीक से कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए वे (कांग्रेस) चर्चा भी नहीं चाहते थे, क्योंकि मंगलवार को कांग्रेस के बारे में जितनी बात हुई, देश के युवाओं को भी पता चल गया कि पेपर लीक कौन करवाते थे, कैसे और कौन माफियाओं के साथ मिले हुए थे।

Parliament Monsoon Session: कांग्रेस सरकार के दौरान हुए 17 पेपर लीक

अनुराग ठाकुर ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान 17 पेपर लीक हुए, तब के शिक्षा मंत्री को कांग्रेस ने राज्य में पार्टी इकाई का प्रमुख बनाया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने उस नेता को ताज पहनाने का काम किया। वहीं, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रह्लाद जोशी पर जो आरोप लगाए हैं, वे असत्य हैं। प्रह्लाद जोशी कर्नाटक में अनेक सालों से राजनीति कर रहे हैं। भाजपा को राज्य में मजबूत कराने में उनका बड़ा योगदान है। उन्होंने केंद्र में भी अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह से संभाली है। मुझे लगता है कि राहुल गांधी को झूठे आरोप लगाने की आदत है। प्रह्लाद जोशी की छवि को खराब करना बिल्कुल भी सही नहीं है। एक वरिष्ठ नेता होने के नाते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी है। हमें विश्वास है कि वह अपनी जिम्मेदारी को अच्छी तरह से संभालेंगे।

आठवले ने यह भी कहा कि राहुल गांधी दिल्ली में कह रहे हैं कि छात्रों पर अन्याय नहीं होना चाहिए, लेकिन केरल में उनकी सरकार के दौरान भी छात्रों पर कार्रवाई होती है। उन्हें सोचना चाहिए कि केरल में उनकी सरकार छात्रों के साथ अन्याय करती है, जबकि यहां (दिल्ली में) कहते हैं कि केस वापस लेने चाहिए।

ये भी पढ़े… संसद में एंटी-पेपर लीक बिल पर पप्पू यादव ने NTA पर उठाए सवाल? पूछा- चेयरमैन को अब तक क्यों नहीं हटाया?