Home » बिहार » पटना के दीदारगंज में तेल-रिफाइन गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की दो दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

पटना के दीदारगंज में तेल-रिफाइन गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की दो दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

पटना तेल गोदाम में लगी भीषण आग

Patna News: बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है। दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली रोड स्थित एक बड़े तेल, रिफाइंड और डालडा गोदाम में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के मुताबिक, गोदाम में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल का भारी मात्रा में स्टॉक रखा हुआ था। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना रात करीब 1 बजे हुई।

आग बुझाने में जुटीं दमकल की कई गाड़ियां

घटना की सूचना मिलते ही दीदारगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की दो दर्जन से अधिक गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही हैं।हालांकि, घटना के करीब 6 घंटे बाद भी आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पाई थी। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Patna News:  पटना तेल गोदाम में लगी भीषण आग
पटना तेल गोदाम में लगी भीषण आग

Patna News: पूरे बिहार में होती थी तेल की सप्लाई

बताया जा रहा है कि इस गोदाम से पूरे बिहार में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल की सप्लाई की जाती थी। आग की वजह से गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।आग के बाद गोदाम से तेल सड़क पर बहने लगा, जिससे आसपास के इलाके में फिसलन की स्थिति पैदा हो गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

प्रशासन कर रहा नुकसान और कारणों की जांच

इस भीषण आग के बाद आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल है। एहतियात के तौर पर स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और आग को पूरी तरह बुझाने की कोशिश जारी है। प्रशासन द्वारा आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- 3 जुलाई से दिल्ली-यूपी-राजस्थान में झमाझम बारिश, अरुणाचल-सिक्किम में बाढ़ का कहर