Patna Road Accident: पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी इलाके में एक तेज रफ्तार बस ने एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने बस में आग लगा दी। इसके साथ ही पुलिस चेक पोस्ट में भी आगजनी की गई। कई बसों के शीशे तोड़ दिए गए और कई बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गईं। उसके बाद गुस्साई भीड़ ने हाईवे पर जमकर बवाल किया। प्रदर्शनकारियों ने बस समेत करीब 10 वाहनों में आग लगा दी, ट्रैफिक पुलिस पोस्ट फूंक दी और नेशनल हाईवे-30 को जाम कर दिया। स्थिति पर काबू पाने के लिए 9 थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है.
बस में लगाई आग, पुलिस वाहन भी बने निशाना
प्रत्यक्षदर्शियों के बताया कि हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सबसे पहले दुर्घटनाग्रस्त बस में आग लगा दी। इसके बाद पुलिस की दो गाड़ियों, अन्य बसों और सड़क किनारे खड़ी कई बाइकों को भी आग के हवाले कर दिया। ट्रैफिक पुलिस पोस्ट को भी जला दिया गया। फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने पहुंची, लेकिन भीड़ ने शुरुआती दौर में उसे भी रोक दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सड़क पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्कूलों की बसें भी जाम में फंसी हुई हैं और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।

Patna Road Accident: युवक मजदूरी पर निकला था
मृतक की पहचान तकिया गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक मनीष सुबह मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में बस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।
ASP बोले- उपद्रवियों ने बिगाड़ा माहौल
एएसपी राज कुमार सिंह ने बताया कि युवक सड़क पार कर रहा था, तभी बस की चपेट में आ गया। हादसे के बाद भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवी तत्वों ने कई वाहनों और पुलिस संपत्ति में आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
ASI ने बताया- जान बचाकर भागना पड़ा
घटना के समय ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात एएसआई एन.एन. सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और आगजनी शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए वहां से हटना पड़ा। प्रशासन ने क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आगे अपडेट की जा रही है …
ये भी पढ़े… ग्वालियर में CA से ₹21.05 करोड़ की ठगी! 76 बैंक खाते, 106 ट्रांजेक्शन और अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा








