Home » स्पोर्ट्स » धर्मशाला में पंजाब और दिल्ली के बीच मुकाबला आज, हारने वाली टीम के लिए मुश्किल होगी प्लेऑफ की राह

धर्मशाला में पंजाब और दिल्ली के बीच मुकाबला आज, हारने वाली टीम के लिए मुश्किल होगी प्लेऑफ की राह

धर्मशाला में होगी कांटे की टक्कर

PBKS vs DC: आईपीएल 2026 के 19वें सीजन का 55वां मैच सोमवार को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होगा। पंजाब किंग्स की कप्तानी एक बार फिर श्रेयस अय्यर संभालेंगे, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की कमान अक्षर पटेल के हाथों में रहेगी। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा और टॉस 7:00 बजे कराया जाएगा।

इस सीजन में धर्मशाला में होने वाला यह पहला मुकाबला है। पंजाब किंग्स यहां 17 मई तक अपने तीन मैच खेलने वाली है। ऐसे में टीम घरेलू माहौल का फायदा उठाकर जीत की राह पर लौटना चाहेगी।

लगातार हार से परेशान पंजाब, प्लेऑफ की उम्मीद बरकरार

पंजाब किंग्स की टीम इस समय खराब दौर से गुजर रही है। टीम अपने पिछले तीन लीग मैच लगातार हार चुकी है और अब उसे हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन की जरूरत है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में टीम को सुधार करना होगा।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है, लेकिन अगले दौर में पहुंचने के लिए टीम को कम से कम दो मुकाबले जीतने जरूरी हैं। ऐसे में दिल्ली के खिलाफ यह मैच पंजाब के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

PBKS vs DC: धर्मशाला में होगी कांटे की टक्कर
धर्मशाला में होगी कांटे की टक्कर

दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन रहा निराशाजनक

दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स का इस सीजन में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम अपने पिछले छह मुकाबलों में से पांच हार चुकी है और अंक तालिका में आठवें स्थान पर मौजूद है। लगातार खराब नतीजों के बाद दिल्ली की नजर अब अगले सीजन की तैयारियों पर भी मानी जा रही है।

दिल्ली को अपने घरेलू मैदान पर काफी संघर्ष करना पड़ा। धीमी और स्पिन लेने वाली पिचों पर टीम के बल्लेबाज खुद को ढाल नहीं पाए, जिससे उनकी कमजोरियां सामने आईं। टीम के प्रमुख स्पिनर कुलदीप यादव भी उम्मीद के मुताबिक असर नहीं छोड़ सके। वहीं मिचेल स्टार्क के देर से टीम से जुड़ने का असर भी देखने को मिला।

फील्डिंग में भी दिल्ली की टीम ने कई मौके गंवाए। हालांकि गणितीय रूप से टीम अभी प्लेऑफ की दौड़ से बाहर नहीं हुई है, लेकिन आगे पहुंचने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है।

PBKS vs DC: तीसरे और आठवें नंबर की टीम में टक्कर

यह मुकाबला अंक तालिका में तीसरे स्थान पर मौजूद पंजाब किंग्स और आठवें नंबर पर चल रही दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। ऐसे में दोनों टीमें जीत हासिल कर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगी।

पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स हेड टू हेड रिकॉर्ड

आईपीएल इतिहास में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अब तक कुल 36 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पंजाब ने 18 मैच जीते हैं, जबकि दिल्ली को 17 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा। आंकड़ों से साफ है कि दोनों टीमों के बीच हमेशा करीबी मुकाबला देखने को मिलता है।

धर्मशाला पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों को मिल सकती है मदद

धर्मशाला का हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अच्छा माना जाता है। यहां गेंद आसानी से बल्ले पर आती है, जिससे बल्लेबाज बड़े शॉट लगाने में सफल रहते हैं। पहाड़ी इलाके में होने की वजह से यहां हवा का असर भी अलग रहता है और गेंद तेजी से सीमा रेखा तक पहुंचती है। इसी कारण इस मैदान पर छक्के ज्यादा देखने को मिलते हैं।

इस सीजन का धर्मशाला में यह पहला मैच है, इसलिए दोनों टीमों को शुरुआत में यहां की परिस्थितियों को समझने में थोड़ा समय लग सकता है।

धर्मशाला में होगी कांटे की टक्कर
धर्मशाला में होगी कांटे की टक्कर

भिवानी की काली मिट्टी से बनी है पिच

धर्मशाला स्टेडियम की यह पिच हरियाणा के भिवानी से लाई गई काली मिट्टी से तैयार की गई है। इस मिट्टी में रेत की मात्रा कम होने के कारण पिच पर अच्छी गति और उछाल देखने को मिलती है।

मैच के शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा, स्पिन गेंदबाज भी असर डाल सकते हैं। अगर बल्लेबाज शुरुआत में संभलकर खेलें और विकेट पर टिक जाएं तो बाद में बड़े शॉट खेलना आसान हो सकता है।

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी सभी की नजरें

पंजाब किंग्स के फैंस एक बार फिर ओपनर प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह से तेज शुरुआत की उम्मीद करेंगे। कप्तान श्रेयस अय्यर पर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। गेंदबाजी में मार्को यानसेन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

वहीं दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स पर बल्लेबाजी का दारोमदार रहेगा। कप्तान अक्षर पटेल से ऑलराउंड प्रदर्शन की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी, काइल जेमिसन और मिचेल स्टार्क टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं।

पंजाब किंग्स की पूरी टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह, मिचेल ओवेन, विष्णु विनोद, निहाल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसेन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्युसन, हरप्रीत बरार, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, प्रवीण दुबे, पायला अविनाश और विशाल निषाद।

दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम

अभिषेक पोरेल, लोकेश राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंता चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय, डेविड मिलर, आकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, पृथ्वी साव, काइल जेमिसन, अजय जाधव मंडल, माधव तिवारी, साहिल पारख, करुण नायर और टी नटराजन।

ये भी पढ़ें: वाराणसी में ट्रेन के भीतर मर्डर, बाथरूम के बाहर यात्री को मारी गोली, दो दिन में दूसरी हत्या

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments