Home » राष्ट्रीय » जेपी नड्डा का बड़ा दावा: मोदी सरकार ने हिमाचल को हमेशा दिया भरपूर सहयोग और आर्थिक सहायता

जेपी नड्डा का बड़ा दावा: मोदी सरकार ने हिमाचल को हमेशा दिया भरपूर सहयोग और आर्थिक सहायता

PM MODI NEWS: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा (J. P. Nadda) ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के विकास के लिए हमेशा उदारता से आर्थिक सहायता और सहयोग दिया है, लेकिन प्रदेश सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए गलत नैरेटिव गढ़ रही है।

‘केंद्र ने हिमाचल को कभी फंड की कमी नहीं होने दी’

भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए लगातार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है और हिमाचल के विकास के लिए विशेष प्रतिबद्धता हमेशा बनी रहेगी।

PM MODI NEWS: स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां गिनाईं

नड्डा ने बताया कि करीब 1,400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ AIIMS Bilaspur पूरी तरह संचालित हो रहा है और प्रदेश को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहा है। इसके अलावा चंबा, नाहन और हमीरपुर मेडिकल कॉलेजों के लिए 547 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। पीजीआई सैटेलाइट सेंटर और चमियाना सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक जैसी परियोजनाएं भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रही हैं।

रेल, सड़क और ऊर्जा परियोजनाओं पर जोर

उन्होंने कहा कि हिमाचल में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए रेलवे, सड़क और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश किए गए हैं। रेणुका डैम परियोजना के लिए 7,000 करोड़ रुपये और लुहरी स्टेज-1 हाइड्रो प्रोजेक्ट के लिए 1,800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नड्डा ने बताया कि लगभग 40 हजार करोड़ रुपये की लागत से 668 किलोमीटर फोरलेन सड़कों का निर्माण हुआ है, जिससे पर्यटन, व्यापार और कनेक्टिविटी को नई गति मिली है। वहीं 13,168 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं भी प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही हैं।

PM MODI NEWS: शिक्षा और शहरी विकास में भी निवेश

उन्होंने कहा कि भारतीय प्रबंधन संस्थान सिरमौर, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ऊना, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और सौर ऊर्जा योजनाओं के माध्यम से हिमाचल में आधुनिक विकास को बढ़ावा दिया गया है।

‘जनता का मूड भाजपा के पक्ष में’

जेपी नड्डा ने हाल ही में हुए पंचायत और नगर निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता ने भाजपा को व्यापक समर्थन दिया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणाम साफ संकेत देते हैं कि प्रदेश की जनता का रुझान भाजपा की ओर है।

PM MODI NEWS: मोदी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं

नड्डा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है और आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) जैसी योजनाओं को पारदर्शिता और सुशासन का बड़ा उदाहरण बताया।

कांग्रेस पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी अकर्मण्यता और प्रशासनिक विफलताओं को छिपाने के लिए यह प्रचार कर रही है कि केंद्र से सहयोग नहीं मिल रहा, जबकि वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता आगे भी जारी रहेगी।

ये भी पढ़े… सोना एक हफ्ते में 6,400 रुपये और चांदी 14,300 रुपये सस्ती हुई, जानिए क्या रही वजह?