PM Modi on Drugs: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में नशीले पदार्थों की तस्करी केवल अवैध कारोबार नहीं, बल्कि दुश्मन देशों के आतंकी एजेंडे का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत के युवाओं को नशे की लत में फंसाकर देश को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
‘ड्रग्स से देश को कमजोर करने की साजिश’
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब कोई युवा नशे की गिरफ्त में आता है तो केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि उसके सपने, परिवार और देश का भविष्य भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स की तस्करी से होने वाला मुनाफा भारत को नुकसान पहुंचाने की साजिश का हिस्सा है।
PM Modi on Drugs: ‘दुश्मन देशों का आतंकी एजेंडा है ड्रग्स तस्करी’
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दुश्मन देश भारत के युवाओं को निशाना बनाकर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “ड्रग्स से कमाई करना और भारत जैसे देश को कमजोर करना उनके आतंकी एजेंडे का हिस्सा है।” इसलिए हर युवा को इस जाल से बचाना राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।
परिवारों से खुलकर संवाद की अपील
पीएम मोदी ने अभिभावकों से अपील की कि यदि किसी बच्चे में व्यवहार संबंधी बदलाव दिखाई दें तो उन्हें नजरअंदाज न करें। उन्होंने कहा कि देर रात घर लौटना, कमरे में अकेले रहना, बेवजह पैसों की मांग करना, लोगों से दूरी बनाना और चेहरा छिपाने जैसी आदतें नशे की लत के संकेत हो सकती हैं। ऐसे मामलों में परिवार को खुलकर बातचीत करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों व डॉक्टरों की मदद लेनी चाहिए।
PM Modi on Drugs: ‘नशा छिपाएं नहीं, इलाज कराएं’
प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की समस्या को सामाजिक प्रतिष्ठा के डर से छिपाने के बजाय उसका इलाज कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय रहते सही परामर्श और पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) से युवाओं को सामान्य जीवन में वापस लाया जा सकता है।
युवाओं से किया विकसित भारत का आह्वान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश का युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को नशे में बर्बाद करने के बजाय शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाने की अपील की।
ये भी पढ़े… तमिलनाडु सरकार का बड़ा फैसला, NEET प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दर्ज हुए सभी केस होंगे वापस








