Home » राष्ट्रीय » PM मोदी की नए NDA सांसदों संग बैठक, बोले- संसद में सक्रिय रहें और क्षेत्र के विकास पर दें जोर

PM मोदी की नए NDA सांसदों संग बैठक, बोले- संसद में सक्रिय रहें और क्षेत्र के विकास पर दें जोर

PM Modi

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर NDA के नए सांसदों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सांसदों को संसदीय बहसों में सक्रिय भागीदारी करने, संसद के इतिहास और नियमों का अध्ययन करने तथा अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। प्रधानमंत्री ने नए सांसदों को भरोसा दिलाया कि उनके क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों में केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

हंगामे के कारण नए सांसदों को मौका न मिलने पर चिंता

बैठक में संसद की कार्यवाही के दौरान लगातार होने वाले हंगामे का मुद्दा भी उठा। प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है और इसकी कार्यवाही सुचारू रूप से चलनी चाहिए। उन्होंने चिंता जताई कि शोर-शराबे के कारण पहली बार चुनकर आए सांसदों को अपनी बात रखने और बहस में हिस्सा लेने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने सभी सांसदों से सदन की गरिमा बनाए रखने और संसदीय चर्चा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

PM Modi: संसद की लाइब्रेरी में इतिहास पढ़ने की सलाह

प्रधानमंत्री ने नए सांसदों को संसद की परंपराओं, नियमों और इतिहास को समझने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सांसदों को केवल भाषण देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि विधायी प्रक्रिया की भी गहरी जानकारी हासिल करनी चाहिए। पीएम मोदी ने संसद की लाइब्रेरी में उपलब्ध ऐतिहासिक दस्तावेजों और अन्य सामग्री का इस्तेमाल करने की सलाह दी, ताकि सांसद तथ्यों और बेहतर तैयारी के साथ सदन में अपनी बात रख सकें।

PMO से सीधे संपर्क कर सकेंगे सांसद

बैठक में करीब 45 सांसद शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने NDA के नए सहयोगियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि गठबंधन एक मजबूत परिवार है और सभी सांसद उनके लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि सांसद अपने निर्वाचन क्षेत्रों की विकास संबंधी जरूरतों और समस्याओं को लेकर सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि देश की प्रगति के लिए राज्यों और स्थानीय क्षेत्रों का विकास बेहद जरूरी है।

PM Modi: एक दिन पहले BJP सांसदों से भी मिले थे PM मोदी

इस बैठक से एक दिन पहले प्रधानमंत्री ने भाजपा सांसदों के साथ डिनर के दौरान बातचीत की थी। उन्होंने सांसदों को अपने क्षेत्रों की जनता से लगातार जुड़े रहने और विपक्षी नेताओं के साथ सदन के अंदर तथा बाहर सम्मानजनक संबंध बनाए रखने की सलाह दी थी। नए NDA सहयोगियों ने भी प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक को सकारात्मक बताया। NCPI नेता काकोली घोष के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि NDA में लंबे समय से जुड़े सांसद हों या हाल ही में गठबंधन का हिस्सा बने हों, सभी एक ही परिवार का हिस्सा हैं।

ये भी पढ़ें…रांची छात्र आंदोलन में नेहा बोरा पर स्याही, मंच से हटाने पर मचा हंगामा