Home » देश-विदेश » रोम में दिखी भारत-इटली की मजबूत दोस्ती, मेलोनी संग डिनर बैठक में पीएम मोदी ने की कई अहम मुद्दों पर चर्चा

रोम में दिखी भारत-इटली की मजबूत दोस्ती, मेलोनी संग डिनर बैठक में पीएम मोदी ने की कई अहम मुद्दों पर चर्चा

रोम में मेलोनी से मिले पीएम मोदी

PM Modi Rome Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली पहुंच चुके हैं। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की। दोनों नेताओं की यह मुलाकात डिनर के दौरान हुई, जहां कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने रोम के मशहूर कोलोसियम का भी दौरा किया। उन्होंने इस यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

बुधवार सुबह प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि रोम पहुंचने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ डिनर पर मिलने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने कई अहम विषयों पर अपने विचार साझा किए। इसके साथ ही उन्होंने प्रसिद्ध कोलोसियम का दौरा भी किया।

रोम में मेलोनी से मिले पीएम मोदी
रोम में मेलोनी से मिले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि उन्हें आज होने वाली आगे की बातचीत का इंतजार है, जिसमें भारत और इटली के संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की जाएगी।

मेलोनी ने किया गर्मजोशी से स्वागत

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी के रोम पहुंचने पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त।”

भारतीय समुदाय से भी मिले पीएम मोदी

रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों से भी मुलाकात की। लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।प्रधानमंत्री मोदी इस समय अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान भारत और इटली के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी।

PM Modi Rome Visit: रोम में मेलोनी से मिले पीएम मोदी
रोम में मेलोनी से मिले पीएम मोदी

विला डोरिया पैम्फिली में होगी अहम बैठक

बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात रोम के ऐतिहासिक विला डोरिया पैम्फिली में होने वाली है। इस बैठक के बाद दोनों देश भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए एक संयुक्त घोषणा पत्र भी जारी करेंगे।

PM Modi Rome Visit: विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी आधिकारिक दौरे पर रोम पहुंचे हैं, जहां इटली के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत और इटली के बीच लंबे समय से मजबूत और बहुआयामी संबंध रहे हैं। यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को और नई मजबूती देने का काम करेगी।

ये भी पढ़ें…देशभर में 15 लाख से अधिक मेडिकल स्टोर बंद, ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में AIOCD की बड़ी हड़ताल, जानें पूरी मांगें