Politics: हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआई दर्ज होने पर कांग्रेस और भाजपा में सियासी घमासान छिड़ गया है।अब यह समय ही बताएगा कि आखिरकार इसमें जीत किसकी होगी, लेकिन फिलहाल दोनों पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ आक्रामक मूड में हैं।दोनों पार्टियों के सामने चुनौती है कि वे कैसे इस मुद्दे पर जनता को अपने-अपने तर्कों से सहमत कर पाती हैं।
क्या है पूरा मामला
8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की एक रैली हुई थी।रैली के बाद 10 अगस्त को ‘श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास’ से जुड़े लोगों ने मैदान और मंच पर हवन व शुद्धिकरण अनुष्ठान किया था। कांग्रेस ने इस शुद्धिकरण को दलित समुदाय और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान बताया।पार्टी ने इसे भेदभाव और छुआछूत से जोड़कर मुद्दा बना दिया, जबकि ‘श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास’ से जुड़े लोगों का दावा है कि रैली स्थल पर गंदगी और शराब की बोतलें मिली थीं, इसीलिए अनुष्ठान व शुद्धिकरण की जरूरत पड़ी।
Politics:राहुल गांधी के खिलाफ FIR
राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर में आरोप है कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हल्द्वानी में हुए ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम को छुआछूत और दलितों के खिलाफ भेदभाव के तौर पर पेश किया।शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाएं आहत हुईं, क्योंकि शुद्धिकरण और हवन में अनुसूचित जाति के लोग भी शामिल थे।खास बात यह है कि शिकायतकर्ता अमित कुमार स्वयं अनुसूचित जाति से हैं।
Politics: कांग्रेस की रणनीति
कांग्रेस एफआईआर को उत्पीड़न की कार्रवाई बताकर देश के शोषित और दलित समाज में यह संदेश दे रही है कि उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।कांग्रेस शुरू से ही इस मुद्दे को मल्लिकार्जुन खड़गे और पूरे दलित समाज के सम्मान से जोड़कर आक्रामक रणनीति अपनाए हुए है। उसकी कोशिश ऐसा राजनीतिक माहौल बनाने की दिखाई देती है कि जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़े और जनता की सहानुभूति भी मिल जाए। कांग्रेस अपनी रणनीति के तहत यह संदेश दे रही है कि शु्द्धिकरण और अनुष्ठान के पीछे भाजपा एवं आरएसएस का हाथ है।
Politics: भाजपा का पलटवार
दरअसल, राहुल गांधी के खिलाफ जिन सज्जन ने एफआईआई दर्ज की है, वे अनुसूचित जाति से हैं। लिहाजा इस मुद्दे पर भाजपा को भी आक्रामक होने का मौका मिल गया है।पार्टी राहुल गांधी की नीति और नीयत पर सवाल खड़े कर रही है कि वे अपनी राजनीति चमकाने के लिए हर मुद्दे को जातिगत और सांप्रदायिक रंग रंग दे देते हैं।हल्द्वानी में शुद्धिकरण करने वाले लोगों की भावना को जाने बिना ही उन्होंने जबरन इसे जातिगत रंग दे दिया है।
Politics: दोनों पार्टियों की चुनौतियां
बहरहाल शुद्धिकरण विवाद पर दोनों पार्टियां अपने-अपने हिसाब से तर्क दे रही हैं।ऐसे में भाजपा के लिए चुनौती है कि कांग्रेस दलित समाज की सहानुभूति लेने की जो रणनीति अपना रही है, कहीं वह सफल न हो जाए।भाजपा को जोर-शोर से जनता के बीच यह बात रखनी होगी कि हल्द्वानी में अनुष्ठान का खड़गे की जाति से कोई संबंध नहीं था, बल्कि आयोजक वहां गंदगी और शराब की बोतलें मिलने से आहत हुए। भाजपा नेता ऐसा कर भी रहे हैं।कांग्रेस के लिए खतरा यह है कि मुद्दा अब सिर्फ राजनीतिक नहीं रहा, बल्कि कानूनी जांच के दायरे में भी आ गया है।अगर कांग्रेस के आरोप तथ्यात्मक आधार कमजोर पड़े, तो इसका उसे नुकसान होना तय है। देखना है कि इस सियासी घमासान में कौन सी पार्टी अपनी बात को ज्यादा प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में कामयाब हो पाती है।








