Home » राजस्थान » राजस्थान निकाय चुनाव: नामांकन के आखिरी दिन बवाल, कहीं सिंबल पर विवाद तो कहीं खूनी संघर्ष

राजस्थान निकाय चुनाव: नामांकन के आखिरी दिन बवाल, कहीं सिंबल पर विवाद तो कहीं खूनी संघर्ष

Rajasthan Civic Body Elections:

Rajasthan Civic Body Elections: राजस्थान निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन प्रदेश के कई इलाकों में हंगामा देखने को मिला। जयपुर में भाजपा के सिंबल को लेकर असमंजस रहा, जबकि सीकर के फतेहपुर में दो गुटों के बीच धारदार हथियारों से खूनी संघर्ष हो गया।

Rajasthan Civic Body Elections: सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक हुआ नामांकन-

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था। उम्मीदवारों को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल करने का समय दिया गया था। आखिरी दिन कई जगहों पर प्रत्याशियों के नाम और पार्टी सिंबल को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। भाजपा और कांग्रेस ने ज्यादातर जगहों पर उम्मीदवारों की सूची पहले जारी करने के बजाय सीधे प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल पहुंचाए। इसके चलते कई नामांकन केंद्रों पर आखिरी समय तक असमंजस की स्थिति बनी रही।

Rajasthan Civic Body Elections: जयपुर के वार्ड 76 में दो दावेदार आमने-सामने-

जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 76 में भाजपा के टिकट को लेकर विवाद सामने आया। पार्टी ने पहले पूर्व डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावट को टिकट दिया था। वहीं, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ ने कुलदीप मिश्रा को अधिकृत सिंबल दे दिया। सिंबल मिलने के बाद कुलदीप मिश्रा ने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल कर दिया। विधायक कालीचरण सराफ का कहना है कि पहले कुलदीप मिश्रा का नाम तय हुआ था और प्रत्याशी बदले जाने से पहले ही उन्हें सिंबल दिया जा चुका था।

वार्ड 101 में एक नाम के दो दावेदार-

जयपुर के वार्ड नंबर 101 में भी भाजपा प्रत्याशी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पार्टी की सूची में रविशंकर शर्मा का नाम था, लेकिन नामांकन केंद्र पर एक ही नाम के दो दावेदार पहुंच गए। दोनों ने खुद को पार्टी का प्रत्याशी बताया। नामांकन का समय खत्म होने में करीब 30 मिनट बाकी रहने के बावजूद स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। विवाद बढ़ने पर पुलिस को अतिरिक्त जाब्ता बुलाना पड़ा।

टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय उतरे हेमंत पबड़ी-

भाजपा की सूची जारी होने के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी भी देखने को मिली। अनुसूचित जनजाति मोर्चे के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव हेमंत पबड़ी को टिकट नहीं मिला तो उन्होंने पार्टी के खिलाफ जाकर वार्ड 96 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल कर दिया।पबड़ी ने सिविल लाइन विधायक पर भी आरोप लगाए और कहा कि विधायक को अपने किए की सजा भुगतनी होगी।

सीकर के फतेहपुर में नामांकन के बाद खूनी संघर्ष-

सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी में नामांकन के आखिरी दिन दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। जानकारी के मुताबिक, प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने के बाद बाहर निकले, तभी दो गुट आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से ही परिसर में मौजूद थे। उनके हाथों में धारदार हथियार होने की बात सामने आई है। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

भरतपुर में महिला प्रत्याशी की पुलिस से नोकझोंक-

भरतपुर में भी नामांकन के दौरान भाजपा की महिला प्रत्याशी और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। वहीं, कुछ प्रत्याशी निर्धारित समय के बाद नामांकन केंद्र पहुंचे, जिसके कारण वे अपना नामांकन दाखिल नहीं कर सके। इस तरह राजस्थान निकाय चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन कई जगहों पर टिकट, पार्टी सिंबल और नामांकन को लेकर विवाद देखने को मिला। सबसे गंभीर मामला सीकर के फतेहपुर का रहा, जहां नामांकन के बाद दो गुटों में हिंसक झड़प हुई

यह भी पढ़े- सबसे ज्यादा टेस्ट में जीतने के मामले में इस कप्तान ने स्टीफन फ्लेमिंग को पीछे छोड़ा-