Protein Sources: जब बात शाकाहारी डाइट की होती है, में प्रोटीन इंटेक बढ़ाने के लिए पनीर और चना दोनों ही लोकप्रिय विकल्प हैं। लेकिन, दोनों की पोषण गुणवत्ता अलग है। जानिए प्रोटीन, कैलोरी और फाइबर के लिहाज से इनमें क्या अंतर है और आपकी डाइट के लिए क्या ज्यादा अच्छा है।
शाकाहारी लोगों को अक्सर ही यह भ्रांति होती है कि प्रोटीन का इनटेक बढ़ाने के लिए पनीर को अपनी थाली में जगह देनी चाहिए या फिर चने को। एक तरह से देखा जाए तो दोनों ही अपने आप में प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं। लेकिन, इनके पोषण में काफी फर्क है। और यह भी ध्यान देने वाली बात है कि सिर्फ ज्यादा प्रोटीन होना ही किसी खाने को हर किसी के लिए बेस्ट नहीं बना देता, बल्कि एक व्यक्ति की जरूरत, उसका वजन और पाचन भी उतना ही मायने रखते हैं। तो आइए जानते हैं कि पनीर और चना में से किसमें ज्यादा प्रोटीन है और किसके लिए क्या खाना बेहतर रहेगा।
प्रोटीन के लिए क्या बेहतर
अगर हम 100 ग्राम पनीर और 100 ग्राम चना, दोनों की एक समान मात्रा में तुलना करें तो पनीर में लगभग 18 से 22 ग्राम प्रोटीन मिलेगा और वहीं दूसरी तरफ 100 ग्राम पके चने में 8 से 9 ग्राम प्रोटीन होता है। अगर बाकी न्यूट्रिशन की बात करें तो पनीर में लगभग 265 कैलोरी और 20 ग्राम फैट होता है, जबकि चने में लगभग 160 से 170 कैलोरी, 27 ग्राम कार्बोहाइड्रेट और 8 ग्राम फाइबर होता है। पनीर में कैल्शियम और विटामिन बी12 जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जबकि चने में आयरन, फोलेट और मैग्नीशियम अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं।
प्रोटीन इंटेक बढ़ाने के लिए
यह बात तो सही है कि पनीर में चने की अपेक्षा ज्यादा प्रोटीन पाया जाता है। अगर आपका असली गोल अपनी मसल्स की ग्रोथ कराना है तो यह जरूरी है कि आपका प्रोटीन इनटेक अच्छा हो। इसके लिए आपको अपनी डाइट में पनीर को ऐड करना ज्यादा अच्छा होगा। लेकिन, इस बात पर ध्यान देना जरूरी है कि पनीर को सीमित मात्रा में ही खाया जाए क्योंकि इसमें प्रोटीन के साथ-साथ कैलोरी और फैट भी ज्यादा होता है।
कम प्रोटीन के बाद भी चना ज़्यादा खास क्यों?
चने को केवल उसमें पाए जाने वाले प्रोटीन की मात्रा से आंकना सही नहीं होगा। चने में भले ही प्रोटीन पनीर जितना न हो, लेकिन इसमें अच्छी मात्रा में फाइबर पाया जाता है जो आपके पेट को लंबे समय तक भरा महसूस कराने में काफी कारगर है और पाचन क्रिया को भी बेहतर करता है। चने में कैलोरी भी कम होती है और उसी के साथ इसमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए चना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
किसे क्या खाना चाहिए?
सही चुनाव करने के लिए अपने आप से बस एक ही सवाल पूछें कि आपको अपना वजन घटाना है या फिर मसल्स बनानी हैं। अगर आपका जवाब मसल्स बढ़ाना है तो पनीर को अपनी थाली में ऐड करें। लेकिन, अगर आपका जवाब है वजन कम करना, तो अपनी थाली में चने को ऐड करें। कोशिश यह रखें कि आप संतुलित मात्रा में सभी चीजें खाएं।
Written by – Mansi Sharma
यह भी पढ़े- महाराष्ट्र में दूध हुआ ₹2 महंगा, 11 अगस्त से नए रेट लागू, गाय का दूध ₹62 लीटर








