Breaking News
Home » महाराष्ट्र » केतन की मौत के पीछे क्या थी साजिश? 2000 कॉल्स और ऑनलाइन सर्च से खुले हत्या के राज

केतन की मौत के पीछे क्या थी साजिश? 2000 कॉल्स और ऑनलाइन सर्च से खुले हत्या के राज

केतन अग्रवाल हत्याकांड: 2000 कॉल्स से खुला राज

Pune Murder Case: पुणे के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने कथित तौर पर मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया। आरोप है कि दोनों ने केतन को लोहगढ़ किले की पहाड़ी से धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि यह हत्या अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा लग रही है। जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन ने कथित तौर पर हत्या के तरीकों की जानकारी जुटाने के लिए इंटरनेट पर कई बार सर्च किया था।

पुलिस जांच में क्या सामने आया?

पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि कॉल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज की जांच के आधार पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल और चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल की हत्या से पहले कई बार आपस में बातचीत की थी। 1 जनवरी से 18 जून के बीच दोनों के बीच 2 हजार से ज्यादा फोन कॉल हुईं। इनमें से कुछ कॉल 2 से 3 घंटे से भी ज्यादा समय तक चली थीं।पुलिस का दावा है कि इन बातचीत और अन्य सबूतों से संकेत मिलता है कि दोनों लंबे समय से हत्या की योजना बना रहे थे।

Pune Murder Case:  केतन अग्रवाल हत्याकांड, 2000 कॉल्स से खुला राज
केतन अग्रवाल हत्याकांड: 2000 कॉल्स से खुला राज

हत्या से पहले ऑनलाइन जानकारी जुटाने का आरोप

जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि सिया और चेतन ने कथित तौर पर मोबाइल फोन के जरिए हत्या करने के तरीकों के बारे में जानकारी खोजी थी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना वाले दिन लोहगढ़ किले जाने से पहले दोनों एक कैफे में मिले थे। वहां उन्होंने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की योजना पर चर्चा की थी।पुणे ग्रामीण पुलिस का मानना है कि यह मामला पहले से तैयार की गई साजिश की ओर इशारा करता है, क्योंकि दोनों आरोपियों ने हत्या को अंजाम देने से पहले इसकी तैयारी की थी।

Pune Murder Case: हत्या के बाद भी जारी रही बातचीत

लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक और इस मामले के जांच अधिकारी दिनेश तायडे ने बताया कि केतन अग्रवाल की मौत के बाद भी सिया और चेतन के बीच बातचीत जारी रही।पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच कॉल और मैसेज का सिलसिला हत्या के बाद भी चलता रहा, जिसकी जांच की जा रही है।

कौन थे केतन अग्रवाल?

25 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल महाराष्ट्र के एक बड़े कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखते थे। वह अपनी फैमिली कंपनी ‘सक्सेस ग्रुप’ में डायरेक्टर के पद पर थे। यह कंपनी महाराष्ट्र में वेयरहाउस निर्माण के क्षेत्र की बड़ी कंपनियों में से एक मानी जाती है।

इस साल फरवरी में केतन के मामा ने उनका रिश्ता तय करवाया था और उनकी सगाई 20 वर्षीय सिया गोयल से हुई थी। दोनों की शादी नवंबर में होने वाली थी, जिसके लिए उदयपुर में होटल तक बुक किए जा चुके थे।सिया भी पुणे के एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से आती हैं। हालांकि, केतन के परिवार को कथित तौर पर इस बात की जानकारी नहीं थी कि सिया का रिश्ता चेतन चौधरी से चल रहा था।

सिया ने केतन से शादी के लिए हां क्यों की?

पुलिस को शक है कि सिया इस अरेंज मैरिज के लिए पूरी तरह तैयार नहीं थीं, लेकिन वह अपने परिवार को चेतन के साथ अपने रिश्ते के बारे में खुलकर नहीं बता पा रही थीं।एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, परिवार की प्रतिष्ठा और सामाजिक दबाव के कारण सिया के सामने चेतन के साथ भाग जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था।

हत्या और साजिश के आरोप में गिरफ्तारी

पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया है।दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य सबूतों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें…सीलमपुर में 16 साल के हिंदू युवक की चाकू मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस