Breaking News
Home » राजनीति » पंजाब चुनाव से पहले बीजेपी ने क्यों चुना अकाली दल का साथ? 37% वोट से लेकर सत्ता की रणनीति तक समझें पूरा गणित

पंजाब चुनाव से पहले बीजेपी ने क्यों चुना अकाली दल का साथ? 37% वोट से लेकर सत्ता की रणनीति तक समझें पूरा गणित

बीजेपी-अकाली गठबंधन के सामने कौन-सी चुनौतियां?
बीजेपी-अकाली गठबंधन के सामने कौन-सी चुनौतियां?

Punjab Politics : 24 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर गठबंधन का ऐलान कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल बड़ी भूमिका में रहेगा, जबकि बीजेपी छोटे सहयोगी के तौर पर चुनाव लड़ेगी। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस गठबंधन को भावनात्मक रिश्ता बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता प्रकाश सिंह बादल इसे नाखून और मांस का रिश्ता कहते थे।

हालांकि, राजनीति में रिश्तों और भावनाओं के साथ चुनावी फायदे का हिसाब भी लगाया जाता है। दोनों पार्टियां करीब 6 साल बाद फिर एक साथ आई हैं। ऐसे में सवाल है कि बीजेपी ने पंजाब में छोटे सहयोगी की भूमिका क्यों स्वीकार की है? गठबंधन से दोनों दलों को कितना फायदा हो सकता है और 2027 के चुनाव से पहले उनके सामने कौन-सी चुनौतियां हैं?

Punjab Politics : बीजेपी और अकाली दल के दोबारा साथ आने की 3 बड़ी वजहें

बीजेपी और अकाली दल के बीच सितंबर 2020 में गठबंधन टूट गया था। इससे पहले दोनों पार्टियां करीब 24 साल तक साथ मिलकर चुनाव लड़ती रही थीं। अब 6 साल बाद फिर साथ आने के पीछे दोनों दलों का अपना-अपना चुनावी गणित है। इसकी 3 प्रमुख वजहें हैं।

1. गठबंधन से करीब 37% वोट मिलने की उम्मीद

पिछले 10 चुनावों, जिनमें 5 विधानसभा और 5 लोकसभा चुनाव शामिल हैं, के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीजेपी को औसतन 9% और अकाली दल को करीब 28% वोट मिले हैं। दोनों पार्टियों का वोट शेयर जोड़ने पर यह आंकड़ा लगभग 37% पहुंच जाता है। ऐसे में गठबंधन को उम्मीद है कि साथ चुनाव लड़ने से उन्हें एक बड़ा वोट बैंक मिल सकता है।

इन 10 चुनावों में से 8 चुनाव दोनों पार्टियों ने गठबंधन में लड़े थे। इनमें से 5 बार गठबंधन बहुमत हासिल करने में सफल रहा। वहीं, 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे थे।

बीजेपी के आकलन के मुताबिक, अगर 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियां साथ लड़तीं तो 57 सीटों पर बढ़त बना सकती थीं। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 59 सीटों की जरूरत होती है। यानी दोनों दल बहुमत के आंकड़े से केवल 2 सीट पीछे रह जाते।

रिपोर्ट्स के अनुसार, बीजेपी के आंतरिक सर्वे में भी यह बात सामने आई है कि अलग-अलग चुनाव लड़ने पर दोनों पार्टियां करीब 10-10 सीटें जीत सकती हैं। इसके उलट, साथ आने से मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है और गठबंधन के बहुमत तक पहुंचने की संभावना बढ़ सकती है।

2. शहरों में बीजेपी और गांवों में अकाली दल की पकड़

पंजाब में करीब 57.7% सिख और 38.5% हिंदू आबादी है। वहीं, राज्य की 62.5% आबादी गांवों में रहती है, जबकि 37.5% लोग शहरों में रहते हैं। दोनों पार्टियों की ताकत अलग-अलग क्षेत्रों और मतदाता समूहों में रही है।

बीजेपी की पकड़ शहरी और हिंदू बहुल इलाकों, खासकर माझा और दोआबा में मजबूत मानी जाती है। दूसरी ओर, अकाली दल का पारंपरिक वोट बैंक ग्रामीण क्षेत्रों और पंथिक यानी सिख मतदाताओं के बीच रहा है। हालांकि, पिछले दो चुनावों में अकाली दल का प्रभाव बठिंडा और फिरोजपुर जैसे कुछ इलाकों तक सीमित होता दिखाई दिया है।ऐसे में दोनों पार्टियां अपने-अपने मजबूत क्षेत्रों के वोट एक साथ लाकर राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती हैं।

Punjab Politics :  2027 चुनाव के लिए बीजेपी की पंजाब में नई रणनीति
2027 चुनाव के लिए बीजेपी की पंजाब में नई रणनीति
3. आम आदमी पार्टी से छीनी गई सीटें वापस पाने की कोशिश

2012 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने 56 और बीजेपी ने 12 सीटें जीती थीं। इस तरह गठबंधन के पास कुल 68 सीटें थीं। लेकिन 2022 में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा तो अकाली दल केवल 3 और बीजेपी 2 सीटों पर सिमट गई। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) ने 92 सीटें जीतकर सरकार बना ली।इस चुनाव में दोनों पार्टियों के अलग होने और उनके वोटरों के बंटने का फायदा आम आदमी पार्टी को मिला।

आंकड़ों के मुताबिक, 2012 में अकाली दल की जीती 56 सीटों में से 47 सीटें यानी करीब 84% सीटें 2022 में आम आदमी पार्टी के खाते में चली गईं। इसी तरह बीजेपी की 12 में से 8 सीटें यानी करीब 67% सीटों पर AAP ने जीत दर्ज की।

खास बात यह है कि 2022 में आम आदमी पार्टी ने जिन 92 सीटों पर जीत हासिल की, उनमें से 49 सीटें ऐसी थीं, जहां 2017 के चुनाव में वह तीसरे या चौथे स्थान पर रही थी। अब बीजेपी और अकाली दल की नजर इन सीटों पर है। दोनों पार्टियां गठबंधन के जरिए अपना पुराना वोट बैंक वापस लाने की कोशिश कर रही हैं।

Punjab Politics : पंजाब चुनाव के लिए बीजेपी के 5 बड़े सियासी दांव

अकाली दल के साथ गठबंधन के अलावा बीजेपी पंजाब में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए कई रणनीतियों पर काम कर रही है। पार्टी का फोकस नए नेतृत्व, अलग-अलग सामाजिक वर्गों, दूसरे दलों के नेताओं और राज्य के प्रमुख मुद्दों पर है।

1. नायब सिंह सैनी को सौंपी ‘मिशन पंजाब’ की जिम्मेदारी

बीजेपी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पंजाब में पार्टी की चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी दी है। 2026 की शुरुआत से ही वह पंजाब में सक्रिय हैं और अब तक 100 से ज्यादा कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुके हैं। वह अक्सर केसरी पगड़ी पहने नजर आते हैं और पार्टी के कार्यक्रमों में लगातार मौजूदगी के कारण पंजाब में बीजेपी का प्रमुख चेहरा बन गए हैं।

पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी कई वजहों से दी है। वह पंजाब के स्थानीय नेताओं में शामिल नहीं हैं, इसलिए राज्य की गुटबाजी से दूर रह सकते हैं। साथ ही, उनके जरिए बीजेपी गैर-जाट मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है। नायब सिंह सैनी हरियाणा में बीजेपी की सरकार का उदाहरण देकर डबल इंजन सरकार के फायदे भी गिना सकते हैं।

राजनीतिक जानकार उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि को भी इस फैसले की एक वजह मानते हैं। सैनी ओबीसी समुदाय से आते हैं और उनका समुदाय खेती-किसानी से भी जुड़ा है। दोआबा और पुआध जैसे क्षेत्रों में इस समुदाय की अच्छी मौजूदगी है।

2. केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी की कमान

बीजेपी ने 28 मई 2026 को केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी के इतिहास में पहली बार किसी जाट सिख नेता को यह जिम्मेदारी दी गई है। उनसे पहले सुनील जाखड़ पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष थे।खास बात यह है कि केवल सिंह ढिल्लों और सुनील जाखड़ दोनों ही पहले कांग्रेस में रह चुके हैं। ढिल्लों को पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है। वह पंजाब के राजनीतिक रूप से अहम मालवा क्षेत्र से आते हैं।जाट सिख नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बीजेपी राज्य के उस बड़े मतदाता वर्ग तक अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है, जो लंबे समय से अकाली दल और कांग्रेस की राजनीति से जुड़ा रहा है।

3. दलित, ओबीसी और दोआबा क्षेत्र पर खास ध्यान

पंजाब में करीब 30% आबादी ओबीसी और 32% अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से आती है। इनमें रविदासिया समुदाय की हिस्सेदारी लगभग 11% है। दोआबा क्षेत्र में इस समुदाय का खास प्रभाव है। यहां करीब 61% आबादी रविदासिया समुदाय से जुड़ी है। दोआबा की कुल 23 विधानसभा सीटों में से 8 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।बीजेपी इन सामाजिक वर्गों को अपने साथ जोड़कर नया चुनावी समीकरण तैयार करना चाहती है। इसके लिए पार्टी ने धार्मिक कार्यक्रमों से लेकर सामाजिक सम्मेलनों और विकास परियोजनाओं तक कई कदम उठाए हैं।

1 फरवरी: गुरु रविदास जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे। यह रविदासिया समुदाय का एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र है। यहां उन्होंने डेरे के प्रमुख संत निरंजन दास से मुलाकात की। संत निरंजन दास को जनवरी में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास के नाम पर रखने की घोषणा भी की।

13 जून: अबोहर में ‘सर्व समाज ओबीसी सम्मेलन’ आयोजित किया गया। यह सुनील जाखड़ का गृह क्षेत्र है और यहां पंजाबी व बागड़ी भाषा बोलने वाले ओबीसी समुदाय की अच्छी आबादी है। कार्यक्रम में नायब सिंह सैनी और केवल सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे। इस दौरान सुनील जाखड़ ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका हिसाब’ का नारा दिया।

17 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर जालंधर पहुंचे। यहां उन्होंने नेशनल हाईवे और पंजाब-हिमाचल रेल लिंक समेत कुल 5,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।

18 नवंबर: जालंधर के रायपुर गांव से 2,558 किलोमीटर लंबी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ शुरू की गई। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने इसे हरी झंडी दिखाई। यह यात्रा 3 दिसंबर को वाराणसी में गुरु रविदास की जन्मभूमि पर समाप्त होगी।इन कार्यक्रमों के जरिए बीजेपी धार्मिक, सामाजिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर अलग-अलग वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

4. कांग्रेस और AAP के नेताओं को पार्टी में शामिल करना

पंजाब में अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने के लिए बीजेपी दूसरी पार्टियों के बड़े नेताओं को भी अपने साथ जोड़ रही है। कांग्रेस के कई चर्चित नेता पहले ही बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। इनमें कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़, रवनीत सिंह बिट्टू, केवल सिंह ढिल्लों, मनप्रीत सिंह बादल और राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी जैसे नाम शामिल हैं।अब बीजेपी की नजर आम आदमी पार्टी के नेताओं पर भी है। हाल के महीनों में AAP के कई बड़े नेताओं और विधायकों ने पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थामा है।

अप्रैल: राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हो गए। ये दोनों नेता पंजाब में AAP की चुनावी रणनीति और प्रबंधन से जुड़े रहे थे।

2 नवंबर: आम आदमी पार्टी के 3 मौजूदा विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह बीजेपी में शामिल हो गए।

19 नवंबर: नायब सिंह सैनी और केवल सिंह ढिल्लों की मौजूदगी में AAP प्रवक्ता नवदीप संघा, रायकोट के अकाली नेता सुरिंदर सिंह चौहान और पंजाब यूनिवर्सिटी में NSUI के पूर्व अध्यक्ष हार्दिक नैन ने बीजेपी की सदस्यता ली।

इस बीच कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को ‘डूबता हुआ जहाज’ बताया। वहीं, पंजाब में AAP के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी ऐसे नेताओं को अपने साथ जोड़ रही है, जो पहले ही अपनी पुरानी पार्टियों से अलग हो चुके थे।इसके अलावा 19 और 20 नवंबर को लुधियाना, मोगा और संगरूर जिलों के AAP और कांग्रेस से जुड़े कई नेताओं ने भी बीजेपी का दामन थामा।

5. नशे, गैंगस्टरवाद और कानून-व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बनाना

बीजेपी पंजाब में नशे की समस्या, गैंगस्टरवाद और कानून-व्यवस्था को बड़े चुनावी मुद्दों के रूप में उठा रही है। पार्टी का आरोप है कि राज्य में नशे का कारोबार और आपराधिक गतिविधियां लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं।14 मार्च को मोगा में आयोजित रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया था कि देशभर में बरामद होने वाली हेरोइन का 45% हिस्सा पंजाब से मिलता है। उन्होंने यह भी कहा था कि राज्य में गैंगस्टर खुलेआम घूम रहे हैं।

इसके बाद सितंबर में बीजेपी ने 13 दिनों की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ निकाली। इस दौरान करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करके राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर किया गया। यात्रा के समापन पर जालंधर पहुंचे अमित शाह ने घोषणा की कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को चिट्टे यानी नशीले पदार्थों से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।24 नवंबर को अकाली दल के साथ गठबंधन की घोषणा करते समय भी अमित शाह ने नशामुक्त पंजाब और बेहतर कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता बताया। उन्होंने राज्य से गैंगस्टरवाद खत्म करने की बात कही।

VoteVibe के सर्वे के मुताबिक, पंजाब के 31.1% लोगों के लिए नशे की समस्या सबसे बड़ा मुद्दा है। वहीं, 17.3% लोगों ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को अपनी प्रमुख चिंता बताया है। बीजेपी इन मुद्दों को उठाकर मौजूदा सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।

Punjab Politics : पंजाब में बीजेपी के लिए क्यों जरूरी है अकाली दल?
पंजाब में बीजेपी के लिए क्यों जरूरी है अकाली दल?
Punjab Politics : पंजाब में बीजेपी और अकाली दल के सामने 4 बड़ी चुनौतियां

गठबंधन और चुनावी तैयारियों के बावजूद दोनों पार्टियों की राह आसान नहीं है। किसानों की नाराजगी, अकाली दल की कमजोर होती पकड़, तीन दलों के बीच मुकाबला और सीटों के बंटवारे जैसे मुद्दे गठबंधन के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।

1. किसानों की नाराजगी और तीन कृषि कानूनों का पुराना विवाद

बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक किसानों की नाराजगी है। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर पंजाब के किसानों में काफी विरोध देखने को मिला था। इस मुद्दे पर किसानों का आंदोलन तेज हुआ तो अकाली दल ने बीजेपी से अपना पुराना गठबंधन तोड़ लिया था।

अब दोनों पार्टियां फिर साथ आ गई हैं, लेकिन कृषि कानूनों को लेकर किसानों के मन में मौजूद नाराजगी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। ऐसे में बीजेपी के साथ-साथ अकाली दल के लिए भी ग्रामीण इलाकों और किसान मतदाताओं का भरोसा जीतना आसान नहीं होगा।

किसान संगठनों ने भी इस गठबंधन पर सवाल उठाए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा की सांझी कमेटी के सदस्य रघबीर सिंह बेनीपाल ने इसे बेहद खतरनाक बताते हुए कहा कि इससे पंजाब को कोई फायदा नहीं होने वाला है।वहीं, गठबंधन से पहले अकाली दल को समर्थन देने वाले भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के प्रमुख बलबीर सिंह राजेवाल ने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां किसी विकास के एजेंडे के बजाय केवल सत्ता हासिल करने के लिए साथ आई हैं।

24 नवंबर को गठबंधन के ऐलान के दौरान हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुखबीर सिंह बादल ने किसानों की समस्याओं और कृषि कानूनों से जुड़ी मांगों का समाधान निकालने की बात कही। इस पर अमित शाह ने भरोसा दिलाया कि अगले 3 महीने के भीतर इन समस्याओं का समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।

2. सुखबीर बादल से ग्रामीण सिख मतदाताओं की नाराजगी

अकाली दल लंबे समय से खुद को पंजाब की प्रमुख पंथिक पार्टी के रूप में पेश करता रहा है। लेकिन 2015 में उसकी सरकार के दौरान गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाएं हुईं। इसके बाद विरोध प्रदर्शन कर रहे सिखों पर पुलिस की गोलीबारी की घटना भी सामने आई। इन घटनाओं से ग्रामीण सिख मतदाताओं के बीच अकाली दल की छवि को नुकसान पहुंचा।

2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ पार्टी के भीतर ही विरोध शुरू हो गया। कुछ बागी नेताओं ने अकाल तख्त के जत्थेदार के सामने उनकी शिकायत की।इसके बाद 30 अगस्त 2024 को अकाल तख्त ने सुखबीर बादल को तनखैया घोषित कर दिया। इसका मतलब धार्मिक कदाचार का दोषी होना है। सुखबीर बादल ने इस फैसले को स्वीकार किया, अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी और अकाल तख्त की ओर से दी गई धार्मिक सजा भी पूरी की।

हालांकि, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बेअदबी के मामले में उनकी माफी को कई लोग पर्याप्त नहीं मानते। ऐसे में ग्रामीण सिख मतदाताओं का पुराना भरोसा वापस हासिल करना उनके लिए बड़ी चुनौती हो सकता है।दिसंबर 2024 में सुखबीर सिंह बादल अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर सेवादार की पोशाक में नजर आए थे। उस दौरान उनके हाथ में भाला था और गले में एक तख्ती लटकी हुई थी। यह धार्मिक सजा के तहत उनकी सेवा का हिस्सा था।

3. पंजाब में तीन पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला

2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की मुख्य राजनीतिक लड़ाई बीजेपी-अकाली दल गठबंधन, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच होने की संभावना है। तीनों ही राजनीतिक दलों का औसत वोट शेयर 20% से ज्यादा रहा है। ऐसे में किसी एक पार्टी या गठबंधन के लिए आसानी से बढ़त हासिल करना मुश्किल हो सकता है।

हालांकि, बीजेपी-अकाली दल के लिए एक राहत की बात यह है कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ लोगों में नाराजगी दिखाई दे रही है।VoteVibe के सर्वे के मुताबिक, पंजाब के 42.9% लोग मौजूदा सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं। गठबंधन इस नाराजगी को अपने पक्ष में भुनाने की कोशिश कर सकता है। लेकिन इसके लिए उसे जनता के सामने मजबूत विकल्प और भरोसेमंद चुनावी एजेंडा पेश करना होगा।

4. सीटों के बंटवारे पर फंस सकता है गठबंधन

बीजेपी और अकाली दल के बीच सबसे अहम मुद्दा सीटों के बंटवारे का भी हो सकता है। दोनों पार्टियों के पुराने गठबंधन में अकाली दल 94 और बीजेपी 23 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ती थी। लेकिन इस बार बीजेपी पहले के मुकाबले ज्यादा सीटों पर अपना दावा पेश कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी इस बार 50 से 55 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। वहीं, अकाली दल उसे 45 से 47 सीटें देने के लिए तैयार है। कुछ विधानसभा सीटों को लेकर दोनों पार्टियों के बीच दावेदारी भी है।ऐसे में सीटों का बंटवारा गठबंधन के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है। दोनों दलों को अपने राजनीतिक हितों के साथ-साथ एक-दूसरे की चुनावी स्थिति का भी ध्यान रखना होगा।

Punjab Politics : क्या 2027 में पंजाब की सत्ता तक पहुंच पाएगा बीजेपी-अकाली गठबंधन?

करीब 6 साल बाद बीजेपी और अकाली दल का एक साथ आना पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। दोनों पार्टियों को उम्मीद है कि उनका पुराना वोट बैंक दोबारा एकजुट होगा और आम आदमी पार्टी को कड़ी चुनौती दी जा सकेगी।बीजेपी जहां शहरी, हिंदू, ओबीसी और दलित मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने में जुटी है, वहीं अकाली दल ग्रामीण और सिख मतदाताओं के बीच अपना पुराना प्रभाव वापस हासिल करना चाहता है।

हालांकि, किसानों की नाराजगी, सुखबीर बादल की राजनीतिक चुनौतियां और सीटों के बंटवारे का विवाद गठबंधन की परीक्षा ले सकते हैं। ऐसे में 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव इस बात का फैसला करेगा कि दोनों पार्टियों का पुराना गठबंधन राज्य की राजनीति में फिर से अपनी जगह बना पाता है या नहीं।