Home » राजनीति » क्या इजराइल के मामले में मोदी सरकार के साथ खड़े हैं राहुल गांधी? जानिए क्या कहा

क्या इजराइल के मामले में मोदी सरकार के साथ खड़े हैं राहुल गांधी? जानिए क्या कहा

Rahul Gandhi on Israel:

Rahul Gandhi on Israel: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी अक्सर मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना करते नजर आते हैं। हालांकि, कुछ मुद्दों पर उनके विचार केंद्र सरकार की विदेश नीति के करीब भी दिखाई देते हैं। हाल ही में राहुल गांधी ने इजराइल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन करते हुए भारत के रणनीतिक हितों को प्राथमिकता देने की बात कही है। उनके इस बयान को कांग्रेस के पुराने रुख में नरमी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

Rahul Gandhi on Israel: इजराइल के साथ मजबूत संबंधों के पक्ष में राहुल गांधी

राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान इजराइल को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने इस बातचीत के अंश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किए। राहुल गांधी ने कहा कि भारत की विदेश नीति इस बात से तय होनी चाहिए कि देश के लिए क्या बेहतर है। उन्होंने कहा, “मैं इजराइल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन करता हूं। हमारे रणनीतिक हित हैं, जिनमें अपने सशस्त्र बलों के लिए बेहतरीन हथियार खरीदना भी शामिल है।”

Rahul Gandhi on Israel: गाजा में इजराइली कार्रवाई की भी की निंदा

हालांकि, राहुल गांधी ने इजराइल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन करने के साथ ही गाजा में जारी युद्ध पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इजराइल के साथ संबंधों का मतलब यह नहीं हो सकता कि भारत गाजा के मुद्दे पर चुप रहे। राहुल गांधी ने 7 अक्टूबर 2023 को हमास की ओर से इजराइल में किए गए हमलों और निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा की। इसके साथ ही उन्होंने गाजा में इजराइल की सैन्य कार्रवाई को भी गलत बताया। उन्होंने कहा, “एक गलत काम दूसरे गलत काम को सही नहीं ठहरा सकता। भारत डेढ़ अरब लोगों का देश है। इजराइल, अमेरिका, रूस या चीन किसी भी देश को वैश्विक मंच पर अपनी उचित भूमिका निभाने से हमें नहीं रोकना चाहिए। भारत को अपने विश्वास और सिद्धांतों के अनुरूप खड़ा होना चाहिए।”

कांग्रेस के पुराने रुख से अलग माने जा रहे बयान

राहुल गांधी की इस टिप्पणी को इजराइल के मुद्दे पर कांग्रेस के पुराने रुख में नरमी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। उनके बयान की सहयोगी दलों ने भी आलोचना की है। गौरतलब है कि यूक्रेन पर रूस के हमले के मामले में भी राहुल गांधी ने मोदी सरकार की नीतियों का समर्थन किया था। ऐसे में इजराइल को लेकर उनका ताजा बयान एक बार फिर विदेश नीति के मुद्दे पर केंद्र सरकार के रुख के करीब दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़े- ‘2027 में भी बाबा ही बैठेंगे’, योगी की वापसी का दावा, अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने पर भी उठे सवाल