Home » उत्तर प्रदेश » राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए अंतिम इंटरव्यू शुरू, 5,200 आवेदनों में से 18 उम्मीदवार पहुंचे

राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए अंतिम इंटरव्यू शुरू, 5,200 आवेदनों में से 18 उम्मीदवार पहुंचे

राम मंदिर CEO पद का अंतिम इंटरव्यू शुरू

Ram Mandir CEO: श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। मंगलवार से इस पद के लिए अंतिम साक्षात्कार शुरू हो गया। पहले दिन अयोध्या के पूर्व जिलाधिकारी और मंडलायुक्त रहे आईएएस अधिकारी योगेश्वर राम मिश्र और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर पहचान रखने वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय समेत कई उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए पहुंचे।

एक-एक उम्मीदवार से एक घंटे से ज्यादा सवाल

चयन समिति हर उम्मीदवार से करीब एक घंटे या उससे अधिक समय तक बातचीत कर रही है। इंटरव्यू में मंदिर की व्यवस्थाओं को संभालने की क्षमता के साथ-साथ प्रशासन, प्रबंधन और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं।उम्मीदवारों के पुराने कार्य अनुभव और अलग-अलग स्थानों पर उनकी तैनाती के दौरान निभाई गई जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। सवालों के माध्यम से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि उम्मीदवार श्रीरामलला के प्रति कितनी आस्था रखता है और मंदिर की जिम्मेदारी को किस तरह निभा सकता है।

12 अगस्त तक चलेगा इंटरव्यू

अंतिम साक्षात्कार बुधवार, 12 अगस्त तक जारी रहेगा। इसमें केवल उन्हीं उम्मीदवारों को बुलाया गया है, जिनके आवेदन पत्रों की जांच के बाद उन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए चुना गया था।तीन सदस्यीय चयन समिति उम्मीदवारों का इंटरव्यू ले रही है। समिति की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली कर रहे हैं। समिति के अन्य दो सदस्य डॉ. सुरेश हावड़े और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी हैं।साक्षात्कार रामजन्मभूमि परिसर में स्थित यात्री सुविधा केंद्र (PFC) के सभागार में आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन और सदस्य महंत दिनेंद्रदास भी मौजूद रहे।

पहले दिन करीब 9 उम्मीदवारों का इंटरव्यू

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ग्रीन हाउस में साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। उम्मीदवारों को गेट नंबर 5 और 11 से परिसर में प्रवेश दिया गया।चयन समिति ने उम्मीदवारों से प्रशासनिक और प्रबंधकीय अनुभव से जुड़े अलग-अलग सवाल किए। पहले दिन थोड़े-थोड़े अंतराल पर करीब नौ उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया।बुधवार को भी साक्षात्कार जारी रहेगा। इसके लिए बाकी उम्मीदवारों को बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि इंटरव्यू के लिए बुलाए गए कुछ उम्मीदवार सोमवार शाम ही अयोध्या पहुंच गए थे। ट्रस्ट की ओर से उनके ठहरने की व्यवस्था रामजन्मभूमि परिसर के पास स्थित तीर्थ क्षेत्र भवन में की गई थी।

6 जुलाई को बनी थी चयन समिति

राम मंदिर ट्रस्ट में CEO के पद पर नियुक्ति को लेकर सहमति बनने के बाद 6 जुलाई को हुई बैठक में तीन सदस्यीय चयन समिति गठित करने का फैसला लिया गया था। इसके बाद ट्रस्ट ने 13 जुलाई को अपनी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से इस पद के लिए आवेदन मांगे थे।आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 18 जुलाई थी। इस दौरान करीब 5,200 लोगों ने CEO पद के लिए आवेदन किया। इनमें सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त या सेवा से बाहर हो चुके लोगों के अलावा निजी क्षेत्र में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल चुके उम्मीदवार भी शामिल थे।

54 उम्मीदवारों का हुआ था प्राथमिक इंटरव्यू

सभी आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद चयन समिति ने करीब 54 उम्मीदवारों को प्राथमिक साक्षात्कार के लिए चुना था। इस चरण के बाद उम्मीदवारों की दोबारा छंटनी की गई और करीब 18 लोगों को अंतिम साक्षात्कार के लिए बुलाया गया।अब अंतिम इंटरव्यू पूरा होने के बाद चयन समिति सबसे योग्य तीन उम्मीदवारों के नाम का पैनल तैयार करेगी। यह पैनल रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपा जाएगा।तीन नामों का पैनल मिलने के बाद ट्रस्ट की बैठक में इस पर चर्चा की जाएगी। 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्टी उम्मीदवारों के नाम पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके बाद राम मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में अंतिम चयन किया जाएगा।

यह भी पढ़े- डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा खुलासा, बोले- हां, खतरा था, इसी वजह से तुर्की में बदला गया मेरा विमान