Ram mandir: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। रविवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी टिन्नू यादव समेत सभी आठ आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान टिन्नू यादव के घर से पुलिस ने कुछ ज्वैलरी, नकदी और संपत्ति से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। फिलहाल बरामद सामान का आकलन किया जा रहा है।
परिजनों से पूछताछ, बयान भी किए गए दर्ज
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की और उनके बयान भी दर्ज किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान की पूरी जांच रविवार शाम तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद यह फैसला लिया जाएगा कि सोमवार को आरोपियों की पुलिस रिमांड मांगी जाएगी या नहीं।
Ram mandir: लेखपाल को साथ लेकर पहुंची पुलिस टीम
रविवार सुबह पुलिस टीम लेखपाल के साथ टिन्नू यादव के घर पहुंची। परिजनों से बातचीत के बाद टीम ने घर की तलाशी ली। इसी तरह अलग-अलग पुलिस टीमों ने आरोपी रामशंकर मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला और मनीष यादव के घरों पर भी छापेमारी की।
Ram mandir: ‘दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई’
मामले पर सीओ आशुतोष तिवारी ने कहा कि जांच प्रक्रिया लगातार जारी है और जो भी आरोपी इस मामले में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पड़ोसियों ने जताई नाराजगी
Ram mandir: आरोपी अनुकल्प मिश्रा के पड़ोसी कृष्णानंद तिवारी ने कहा कि यदि किसी ने भगवान के चढ़ावे में गड़बड़ी की है तो यह करोड़ों रामभक्तों की आस्था के साथ विश्वासघात है। ऐसे दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं, एक अन्य पड़ोसी अनुराग मिश्रा ने बताया कि वह करीब एक साल से अनुकल्प मिश्रा को जानते हैं। उनके व्यवहार से कभी कोई संदेह नहीं हुआ, लेकिन पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
यह भी पढे़: सेशेल्स में PM Modi का बड़ा संदेश, ‘हिंद महासागर को अवसरों का महासागर बनाना है’








