Ram Mandir Scam: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गड़बड़ी मामले को लेकर केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि लाखों हिंदू श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला सामने आया है तो इसकी निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय होनी चाहिए।
‘धार्मिक भावनाएं अब क्यों नहीं आहत हो रहीं?’
महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सवाल उठाते हुए कहा कि राम मंदिर में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। उन्होंने पूछा कि जब अन्य मामलों में धार्मिक भावनाएं आहत होने का हवाला देकर तुरंत कार्रवाई होती है, तो इस मामले में वैसी तत्परता क्यों नहीं दिखाई जा रही।
Ram Mandir Scam: ऑडिट और चढ़ावे को लेकर उठाए सवाल
टीएमसी सांसद ने दावा किया कि वर्ष 2020 में ऑडिट के दौरान चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों करोड़ रुपये के दान का पूरा हिसाब सार्वजनिक नहीं किया गया और पारदर्शिता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
सोना, चांदी और नकदी का भी किया जिक्र
महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि मंदिर को दान में मिली सोने-चांदी की वस्तुओं और नकदी के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में अनियमितताएं हुई हैं तो केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
Ram Mandir Scam: गिरफ्तारियों पर भी उठाए सवाल
उन्होंने मामले में हुई आठ गिरफ्तारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कथित घोटाला बड़ा है तो जांच की जिम्मेदारी केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने ट्रस्ट और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की।
बीजेपी के भीतर सियासी खींचतान का भी लगाया आरोप
महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के भीतर आंतरिक राजनीतिक संघर्ष चल रहा है और इसी वजह से ऐसे मामलों को अलग-अलग तरीके से पेश किया जा रहा है। हालांकि, उनके इन दावों पर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़े… सीएम योगी कल मुरादाबाद को देंगे 365 करोड़ की सौगात, 63 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास








